
BJP Dalit Outreach Campaign: पंजाब और उत्तर प्रदेश में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं। इसको लेकर बीजेपी ने अपनी तैयारी तेज कर दी है। इसी बीच दोनों राज्यों में पार्टी अनुसूचित जाति (SC) समुदाय के बीच अपनी पहुंच मजबूत करने की तैयारी में जुट गई है। इसको लेकर पार्टी ‘समरसता संकल्प यात्रा’ निकालने जा रही है। यह यात्रा पंजाब से शुरू होकर उत्तर प्रदेश पहुंचेगी।
बता दें कि बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 18 नवंबर को पंजाब के जालंधर से इस यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। वहीं, 3 दिसंबर को उत्तर प्रदेश के वाराणसी में यात्रा का समापन होगा।
समाचार एजेंसी ANI ने पार्टी सूत्रों के हवाले से लिखा कि इस जनसंपर्क अभियान का आयोजन संत रविदास की 650वीं जयंती के अवसर पर किया जा रहा है। यात्रा के माध्यम से बीजेपी संत रविदास के सामाजिक समरसता, समानता और समावेशिता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास करेगी।
बता दें कि संत रविदास का पंजाब और उत्तर प्रदेश, दोनों राज्यों में व्यापक प्रभाव और अनुयायी हैं। ऐसे में बीजेपी इन दोनों राज्यों में उनके विचारों के जरिए अनुसूचित जाति समुदाय के साथ संवाद और जुड़ाव बढ़ाना चाहती है। पार्टी का उद्देश्य सामाजिक समानता और सद्भाव का संदेश देते हुए SC समुदाय के बीच अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत करना है।
पंजाब में 2011 की जनगणना के मुताबिक, प्रदेश की करीब 32 प्रतिशत आबादी अनुसूचित जाति की है। इसके साथ ही प्रदेश की 117 विधानसभा सीटों में से 34 सीटें अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हैं। वहीं 50 से 55 विधानसभा सीटों पर दलित हार-जीत की भूमिका में अहम रोल निभाते है। इसलिए सभी पार्टियों द्वारा दलित वोट बैंक को अपनी तरफ करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
उत्तर प्रदेश की राजनीति में दलित वोट बैंक काफी महत्वपूर्ण मानी जाती है। 2011 की जनगणना के मुताबिक, प्रदेश में 20.7 प्रतिशत आबादी अनुसूचित जाति की है। इनका प्रभाव केवल अनुसूचित जातियों के लिए आरक्षित 17 लोकसभा और 84 विधानसभा सीटों तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रदेश की सामान्य सीटों पर भी दलित मतदाता चुनावी नतीजों को प्रभावित करने की क्षमता रखते हैं।
वहीं, उत्तराखंड में भी बीजेपी ने आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक 21 और 22 नवंबर को हरिद्वार में आयोजित की जाएगी। इस बैठक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और प्रदेश प्रभारी राम माधव शामिल होंगे।