राष्ट्रीय

Surat Accident: अनाथ आश्रम से गोद लेकर बड़े अरमानों से पाला, तेज रफ्तार डंपर ने छीन लिया परिवार का इकलौता सहारा

Surat Dumper Accident: सूरत में तेज रफ्तार डंपर ने साइकिल से ट्यूशन जा रहे 17 वर्षीय प्रिंस राणा को कुचल दिया। भरूच के अनाथ आश्रम से गोद लिए बेटे की मौत से परिवार में मातम छा गया।
2 min read
• •
Updated: 19 Nov 2026, 4:10 PM IST
Surat Dumper Accident
प्रतीकात्मक तस्वीर

Surat Road Accident: सूरत में तेज रफ्तार डंपर ने साइकिल से घर लौट रहे 17 वर्षीय प्रिंस राणा को कुचल दिया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। प्रिंस को माता-पिता ने भरूच के अनाथ आश्रम से गोद लिया था। बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। प्रिंस दसवीं कक्षा का छात्र था और परीक्षा की तैयारी कर रहा था। वह दो दिन पहले ही उज्जैन में दर्शन कर लौटा था। ट्यूशन से घर लौटते समय तेज रफ्तार डंपर ने उसे चपेट में ले लिया। डंपर का पिछला पहिया उसके ऊपर से गुजर गया।

चिकित्सकों ने मृत घोषित किया

गंभीर चोट लगने पर उसे एंबुलेंस से सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिवार के सदस्य रजनीकांत राणा ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही वे अस्पताल पहुंचे। प्रिंस के माता-पिता की कोई संतान नहीं थी। इसलिए उन्होंने भरूच के अनाथ आश्रम से उसे गोद लिया था। उस समय प्रिंस करीब डेढ़ साल का था। उसे गोद लेने की प्रक्रिया में अरविंदभाई राणा ने मदद की थी।

उज्जैन से दर्शन कर लौटा था

प्रिंस की मौसी भावनाबेन राणा ने बताया कि परिवार ने उसे प्यार से पाला। उसे बड़ा करने में मुश्किलें झेलीं और उसके कान का ऑपरेशन भी कराया। उन्होंने बताया कि दो दिन पहले ही वह उज्जैन से दर्शन कर लौटा था। एक दिन पहले उसने खुशी से बताया था कि उसके 17 साल पूरे हो गए हैं। परिवार की आजीविका जरी के काम और मजदूरी से चलती है। माता-पिता ने बुढ़ापे का सहारा बने, इसी उम्मीद में संघर्ष कर बेटे को बड़ा किया था। ट्यूशन से लौटते समय हुए हादसे ने उनका इकलौता सहारा छीन लिया।

पुलिस ने वाहन जब्त किया

शहर में पुलिस आयुक्त के आदेश के अनुसार सुबह 8 से दोपहर 1 बजे और शाम 5 से रात 10 बजे तक डंपर सहित भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक है। इसके बावजूद शहर में भारी वाहन दौड़ने पर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों और परिजनों ने पूछा कि प्रतिबंध के समय ऐसे वाहन घनी आबादी वाले इलाकों में कैसे पहुंच रहे हैं। पुलिस ने डंपर चालक को हिरासत में लेकर वाहन जब्त कर लिया है। परिवार ने चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और जल्द न्याय की मांग की है।

Updated on:
19 Nov 2026, 4:10 PM IST
Published on: