
पटना। बिहार के बाहुबली नेता और मोकामा से विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी उनके पैतृक गांव नदवां में हो रही है। इस शाही शादी की देशभर में खूब चर्चा हो रही है। शादी समारोह में देशभर से बड़ी संख्या में मेहमान पहुंच रहे हैं। उत्तर प्रदेश के पूर्व सांसद और बाहुबली नेता बृजभूषण शरण सिंह भी हेलीकॉप्टर से समारोह में पहुंचे। इस दौरान उनकी अनंत सिंह से मुलाकात हुई और दोनों नेताओं के बीच पुरानी दोस्ती की झलक देखने को मिली। शादी समारोह में बृजभूषण शरण सिंह ने अनंत सिंह के प्रभाव और दबदबे को लेकर कहा कि आपका दबदबा पहले भी था और आगे भी रहेगा। उन्होंने अनंत सिंह के साथ अपने पुराने रिश्तों का भी जिक्र किया।
शादी समारोह के दौरान भारी भीड़ चलते बृजभूषण शरण सिंह को निकलने के लिए ट्रैक्टर पर बैठना पड़ा। इस बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि अनंत दादा के प्रति लोगों के प्रेम के चलते बिहार और उत्तर प्रदेश से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे हैं। भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के लिहाज से उन्हें ट्रैक्टर पर बैठना पड़ा।
अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी को भव्य बनाने के लिए बड़े स्तर पर तैयारियां की गई हैं। मेहमानों के लिए करीब 25 बीघा जमीन पर पंडाल बनाया गया है। आयोजन में लगभग चार लाख लोगों के भोजन की व्यवस्था की गई है। हेलीकॉप्टर से आने वाले मेहमानों के लिए तीन हेलीपैड भी तैयार किए गए हैं।
अनंत सिंह की एक झलक पाने के लिए लोगों में उत्साह दिखाई दिया। समर्थकों की भीड़ को देखकर अनंत सिंह ने कार की सनरूफ से बाहर निकलकर गमछा लहराया और उनका अभिवादन किया। इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने जमकर नारेबाजी भी की। शादी में भोजपुरी अभिनेत्री नीलम गिरी भी शामिल होने पहुंचीं। पटना एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि उन्होंने इस शादी के बारे में काफी चर्चा सुनी थी। समारोह में गीत-संगीत का कार्यक्रम भी होगा, जिसे लेकर वह काफी उत्साहित हैं। उन्होंने बिहार पहुंचने पर खुशी जाहिर की।