
Mumbai Ahmedabad Bullet Train: देश की पहली बुलेट ट्रेन परियोजना के निर्माण कार्य में एक और बड़ा पड़ाव जुड़ गया है। मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन कॉरिडोर के महत्वपूर्ण सूरत-बिलिमोरा सेक्शन में ओवरहेड इक्विपमेंट (ओएचई) सिस्टम को सफलतापूर्वक ऊर्जीकृत (एनर्जाइज) कर दिया गया है। इस बड़ी तकनीकी उपलब्धि के साथ ही परियोजना में आगामी चरणों की टेस्टिंग और ट्रायल गतिविधियों का रास्ता साफ हो गया है।
रेलवे और परियोजना से जुड़े अधिकारियों के अनुसार सुरक्षा मानकों और निर्धारित प्रक्रियाओं का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के लिए विशेषज्ञ तकनीकी टीमों की कड़ी निगरानी में यह एनर्जाइजेशन कार्य छोटे-छोटे सेक्शनों में चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जा रहा है। सूरत-बिलिमोरा सेक्शन के एलिवेटेड अलाइनमेंट पर अप और डाउन दोनों ही लाइनों को इसमें शामिल किया गया है, जिससे हाई-स्पीड रेल संचालन की तैयारियों को नई मजबूती मिली है। मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन कॉरिडोर में अत्याधुनिक 2 गुना 25 केवी ओवरहेड ट्रैक्शन सिस्टम स्थापित किया गया है। इसे दुनियाभर की प्रमुख हाई-स्पीड रेल प्रणालियों में इस्तेमाल होने वाली सबसे उन्नत विद्युतीकरण तकनीकों में गिना जाता है।
करीब 508 किलोमीटर लंबे इस पूरे कॉरिडोर पर कुल 14 स्थानों पर ट्रैक्शन सब-स्टेशन (टीएसएस) स्थापित किए गए हैं। ये सब-स्टेशन सीधे नेशनल ग्रिड से बिजली प्राप्त कर ओवरहेड ट्रैक्शन सिस्टम को आपूर्ति करेंगे, जिससे बुलेट ट्रेन का निर्बाध और तेज गति से संचालन संभव हो सकेगा। नेशनल हाई स्पीड रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के अधिकारियों ने बताया कि सूरत-बिलिमोरा सेक्शन में ओवरहेड इलेक्ट्रिफिकेशन सिस्टम का ऊर्जीकृत होना बुलेट ट्रेन परियोजना के लिए एक बेहद अहम पड़ाव है। चरणबद्ध और सुरक्षित तरीके से आगे बढ़ते हुए हम तय मानकों के साथ आगामी टेस्टिंग और संचालन की दिशा में ठोस कदम बढ़ा रहे हैं।
गुजरात के नवसारी जिले में स्थित बिलिमोरा के पहले ट्रैक्शन सब-स्टेशन में कंट्रोल पैनल, चेंजओवर स्विच, ट्रांसफॉर्मर और सर्किट ब्रेकर बिल्डिंग में इंस्टॉलेशन का काम शत-प्रतिशत पूरा हो चुका है। गुजरात में स्थित ट्रैक्शन सब-स्टेशनों को गुजरात एनर्जी ट्रांसमिशन कॉर्पोरेशन लिमिटेड (जेटको) के 220 केवी अंबेठा ग्रिड सब-स्टेशन से बिजली की आपूर्ति की जाएगी। पूरे विद्युत नेटवर्क की चौबीसों घंटे निगरानी एक केंद्रीकृत कंट्रोल सेंटर के माध्यम से की जाएगी, ताकि संचालन पूरी तरह सुरक्षित और विश्वसनीय बना रहे।
सूरत-बिलिमोरा सेक्शन में दोनों स्टेशनों के बीच लगभग 50 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड अलाइनमेंट तैयार किया गया है। इस मार्ग में चार नदियों पर बने बड़े पुल और नेशनल हाईवे-53 (एनएच-53) पर निर्मित एक विशाल स्टील ब्रिज भी शामिल है। कॉरिडोर के आसपास के रिहायशी इलाकों में ट्रेन के शोर के प्रभाव को कम करने के लिए वायाडक्ट पर लगभग 94 हजार नॉइज बैरियर्स भी लगाए गए हैं।