राष्ट्रीय

स्पीकर को झटका, ममता खेमे को राहत? कलकत्ता हाई कोर्ट ने पलटा ऋतब्रत-अखरुज्जमां की नियुक्ति का फैसला

कलकत्ता हाई कोर्ट ने स्पीकर के फैसले को रद्द कर अखरुज्जमां को चीफ व्हिप और ऋतब्रत बनर्जी को नेता प्रतिपक्ष बनाने की नियुक्ति खारिज की। स्पीकर को 10 दिन में नया आदेश देना होगा।
2 min read
• •
Updated: 27 Nov 2026, 4:35 PM IST
Kolkata High Court
कोलकाता हाई कोर्ट (फ़ोटो-calcuttahighcourt.gov.in)

Rebel TMC Faction: कलकत्ता हाई कोर्ट ने पश्चिम बंगाल विधानसभा अध्यक्ष के उस फैसले को रद्द कर दिया है, जिसके तहत बागी धड़े (डेमोक्रेटिक तृणमूल कांग्रेस) के विधायक अखरुज्जमां को विपक्षी दल का मुख्य सचेतक (चीफ व्हिप) नियुक्त किया गया था।

न्यायमूर्ति कृष्णा राव की एकल पीठ ने इस मामले पर सुनवाई करते हुए विधानसभा अध्यक्ष (स्पीकर) रथिंद्र बोस के फैसले को खारिज किया। अदालत ने इसके साथ ही बागी गुट के नेता ऋतब्रत बनर्जी को नेता प्रतिपक्ष (LoP) नियुक्त करने के फैसले को भी रद्द कर दिया है।

ये है प्रमुख विवाद

पश्चिम बंगाल विधानसभा में 'नेता प्रतिपक्ष' (Leader of the Opposition) के पद को लेकर आज कलकत्ता उच्च न्यायालय में सुनवाई हुई।
यह कानूनी विवाद इस बात को लेकर है कि पश्चिम बंगाल विधानसभा में 'नेता प्रतिपक्ष' का पद किसे मिलना चाहिए- सोवनदेब चट्टोपाध्याय को या ऋतब्रत बनर्जी को।

कलकत्ता उच्च न्यायालय की न्यायमूर्ति कृष्ण राव की एकल पीठ ने विधानसभा अध्यक्ष रथिंद्र बोस के 3 जून के उस आदेश को रद्द कर दिया है, जिसके तहत रिताब्रत बनर्जी को नेता प्रतिपक्ष और अखरुज्जमां को मुख्य सचेतक नियुक्त किया गया था। अदालत ने इस आदेश को कानूनन टिकने योग्य नहीं माना है। विधानसभा अध्यक्ष को निर्देश दिया गया है कि वे आदेश मिलने के 10 दिनों के भीतर, कानून के अनुसार नेता प्रतिपक्ष और मुख्य सचेतक की नियुक्तियों पर पुनर्विचार करें।

शोभनदेब चट्टोपाध्याय ने दी थी चुनौती

यह कानूनी आदेश ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली मूल तृणमूल कांग्रेस (TMC) के वरिष्ठ नेता शोभनदेब चट्टोपाध्याय की याचिका पर आया है। शोभनदेब चट्टोपाध्याय ने पार्टी द्वारा नेता प्रतिपक्ष के रूप में उनके नाम की सिफारिश को नजरअंदाज कर बागी गुट को मान्यता देने के स्पीकर के निर्णय को अदालत में चुनौती दी थी।

यह पूरा विवाद पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों के बाद तृणमूल कांग्रेस (TMC) के भीतर आए विभाजन और विधायी नेतृत्व को लेकर दोनों धड़ों के बीच उपजे अंतर्विरोधों के कारण पैदा हुआ था।

10 दिन में आदेश देने के निर्देश

कलकत्ता हाई कोर्ट ने विधानसभा अध्यक्ष रथिंद्र बोस को इस पूरे मामले पर दोनों पक्षों के दावों पर नए सिरे से विचार करने और 10 दिनों के भीतर एक तर्कसंगत आदेश (Reasoned Order) पास करने का निर्देश दिया है।

Updated on:
27 Nov 2026, 4:35 PM IST
Published on: