
तिरुपरनकुंद्रम दीपम विवाद। (फोटो- ANI)
तमिलनाडु में तिरुपरनकुंद्रम दीपम विवाद को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने सीएम विजय की सरकार को कड़ी फटकार लगाई है। अदालत ने कहा है कि उसके आदेशों को किसी भी स्तर पर कमजोर करने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सुनवाई के दौरान जस्टिस अरविंद कुमार ने सख्त टिप्पणी करते हुए कहा कि अगर कोई संवैधानिक अराजकता पैदा करने की कोशिश करता है, तो अदालत उसे ठीक करेगी। उन्होंने कहा कि अदालत के आदेशों को कोई भी व्यक्ति कमजोर नहीं कर सकता, चाहे वह कोई भी हो।
सुप्रीम कोर्ट ने तिरुपरनकुंद्रम मामले में तमिलनाडु के मुख्य सचिव, डीजीपी, एचआर एंड सीई विभाग के सचिव, एचआर एंड सीई आयुक्त, मदुरै के जिला कलेक्टर, मदुरै के एसपी, मंदिर के सीईओ, और मंदिर बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज के अध्यक्ष व ट्रस्टियों को अवमानना नोटिस जारी किया है।
इसके अलावा, सुप्रीम कोर्ट ने मदुरै के सुब्रमण्यस्वामी मंदिर के बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज को निलंबित कर दिया है, क्योंकि उन्होंने तिरुपरनकुंद्रम में दीप प्रज्ज्वलन से जुड़े आदेश का पालन नहीं किया था।
कोर्ट ने हाई कोर्ट के पूर्व न्यायाधीशों - जस्टिस एस. वैद्यनाथन और जस्टिस वी. पार्थिपन की एक समिति को रिसीवर के तौर पर नियुक्त किया है, जो मंदिर के प्रशासन का कामकाज संभालेंगे।
अदालत ने अपने अवमानना आदेश में कहा है कि अब ऐसी परिस्थितियों से लोहे के हाथों से निपटने का वक्त आ गया है, वरना इससे संवैधानिक अराजकता पैदा हो सकती है।
सुप्रीम कोर्ट ने अपने आदेश में कहा- सबसे पहले हमारे मन में जो शब्द आता है, वह है अफसोस। मौजूदा हालात को देखते हुए यह शब्द सबसे ज्यादा उचित है। हम यह बात दुख और पीड़ा के साथ कह रहे हैं।
सुप्रीम कोर्ट ने अपने आदेश में गोदावर्मन मामले के फैसले का हवाला देते हुए कानून के शासन के महत्व को समझाया। अदालत ने कहा कि लोकतांत्रिक समाज में कानून का शासन सर्वोच्च है।
संविधान की प्रस्तावना का जिक्र करते हुए कोर्ट ने कहा कि भारत के लोगों ने सभी नागरिकों को न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व दिलाने का संकल्प लिया है। यही सिद्धांत देश की संवैधानिक व्यवस्था का आधार हैं।
अदालत ने कहा- लोकतंत्र तभी मजबूत रह सकता है, जब सभी संस्थाएं और अधिकारी संविधान के दायरे में रहकर काम करें और कानून का सम्मान करें।
इस मामले में सुप्रीम कोर्ट ने संविधान के अनुच्छेद 144 का भी खास तौर पर उल्लेख किया। इस अनुच्छेद के मुताबिक, भारत के क्षेत्र में सभी नागरिक और न्यायिक प्राधिकरणों को सुप्रीम कोर्ट की सहायता करनी होगी।
अदालत ने कहा कि संवैधानिक आदेश को सीधे या परोक्ष रूप से कमजोर करने की किसी भी कोशिश से सख्ती से निपटा जाना चाहिए। ऐसी स्थिति में गलत तरीके की सहानुभूति दिखाने की जरूरत नहीं है।
सुनवाई के दौरान राज्य की दलीलों पर टिप्पणी करते हुए जस्टिस कुमार ने कहा- हम यह भी देखेंगे कि ये असली आंसू हैं या मगरमच्छ के आंसू। बता दें कि इस विवाद की ताजा सुनवाई 27 नवंबर को सुप्रीम कोर्ट में हुई।
अदालत फिलहाल मुख्य विवाद यानी दीप स्तंभ की जमीन, धार्मिक अधिकार या वहां दीप जलाने की परंपरा पर अंतिम फैसला नहीं कर रही है। सुनवाई केवल 20 नवंबर के आदेश का पालन नहीं होने को लेकर दायर याचिका पर हुई।
सुप्रीम कोर्ट ने 20 नवंबर को एक सीमित और एक बार के इंतजाम के तहत 24 नवंबर को दीपथून पर कार्तिगई दीपम जलाने की अनुमति दी थी। यह अनुमति इस साल के आयोजन के लिए थी और इसे भविष्य में किसी धार्मिक परंपरा या अधिकार का प्रमाण नहीं माना जाना था।
लेकिन 24 नवंबर को पहाड़ी के विवादित स्तंभ पर दीप नहीं जलाया गया। मंदिर प्रशासन ने पारंपरिक स्थान उचिपिल्लैयार मंडपम पर ही दीप जलाया। इसके बाद अदालत के आदेश का पालन नहीं करने को लेकर अवमानना याचिकाएं दायर की गईं।
सुनवाई के दौरान दरगाह की तरफ से वरिष्ठ अधिवक्ता हुजेफा अहमदी ने अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि दरगाह को लेकर सुरक्षा संबंधी आशंकाएं हैं और पहले भी ऐसी गतिविधियों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता रही है। उन्होंने बताया कि विवादित स्तंभ दरगाह के काफी करीब है और कुछ लोग इसका इस्तेमाल सार्वजनिक माहौल बिगाड़ने के लिए कर सकते हैं।
इस पर जस्टिस अरविंद कुमार ने कहा कि दरगाह की सुरक्षा को कमजोर नहीं किया जाएगा, बल्कि उसे और मजबूत किया जाएगा। अदालत ने वकील से यह भी पूछा कि दरगाह में कितने लोग पहुंचते हैं?
अहमदी ने बताया कि दरगाह और मस्जिद में दिन में पांच बार नमाज होती है और वहां करीब 100 से 200 लोग आते हैं। जस्टिस कुमार ने अधिकतम 500 लोगों की संख्या का जिक्र करते हुए उर्स के आयोजन के बारे में पूछा। वकील ने बताया कि 10 दिसंबर को उर्स होना है।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
बड़ी खबरें
View Allराष्ट्रीय




