राष्ट्रीय

सोनिया गांधी के पुस्तक विमोचन में कैप्टन अमरिंदर की मौजूदगी पर BJP ने दी प्रतिक्रिया, जानें क्या कहा

Sonia Gandhi Book Launch: सोनिया गांधी की किताब के विमोचन समारोह में कैप्टन अमरिंदर सिंह के शामिल होने से उनके कांग्रेस में वापसी की अटकलें तेज हो गई हैं। हालांकि, बीजेपी नेताओं ने साफ किया है कि वे बीजेपी में ही रहेंगे।
2 min read
• •
Updated: 17 Nov 2026, 3:52 PM IST
Sonia Gandhi Book Launch
सोनिया गांधी की पुस्तक विमोचन कार्यक्रम में कैप्टन अमरिंदर सिंह ने की शिरकत (Photo-IANS)

Captain Amarinder Singh News: कांग्रेस नेता सोनिया गांधी की किताब 'Belonging: A Journey of Love' का सोमवार को दिल्ली में विमोचन हुआ था। इस कार्यक्रम में पंजाब के पूर्व सीएम और बीजेपी नेता कैप्टन अमरिंदर सिंह भी शामिल हुए। इसके बाद एक बार फिर कैप्टन अमरिंदर सिंह के कांग्रेस में लौटने को लेकर अटकलें तेज हो गई। अब इस पर बीजेपी की प्रतिक्रिया सामने आई है।

बीजेपी सांसद सतनाम सिंह संधू ने कैप्टन अमरिंदर सिंह के सोनिया गांधी की किताब विमोचन में शामिल होने पर बयान दिया है। उन्होंने कहा कि वे पुस्तक विमोचन कार्यक्रम में गए थे और इसी संदर्भ में वहां पहुंचे थे। यह उनका निजी मामला है, और वे वहां अपने निजी संबंधों के चलते गए थे।

वहीं केंद्रीय मंत्री सी आर पाटिल ने कहा कि हम किसी को भी कहीं भी जाने से नहीं रोक सकते। हर कोई कहीं भी जाने के लिए स्वतंत्र है। लोग आते-जाते रहते हैं।

बीजेपी में ही रहेंगे कैप्टन अमरिंदर सिंह- मनोरंजन कालिया

सोनिया की किताब विमोचन कार्यक्रम में कैप्टन अमरिंदर सिंह के शामिल होने पर बीजेपी नेता मनोरंजन कालिया ने कहा कि पूर्व सीएम ने पार्टी के भीतर अपने विचार या मतभेद जाहिर किए हैं और ऐसा करने का उन्हें पूरा अधिकार है। 

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र किसी राजनीतिक दल के भीतर भी होता है और पूरे भारत में भी, इसलिए मतभेद होना स्वाभाविक है। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट कर दिया है कि वे भारतीय जनता पार्टी में हैं और भारतीय जनता पार्टी में ही बने रहेंगे।

क्या कांग्रेस में शामिल होंगे अमरिंदर सिंह? 

सोमवार को सोनिया गांधी की पुस्तक विमोचन कार्यक्रम में कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कांग्रेस में शामिल होने वाली अटकलों को लेकर भी जवाब दिया। उन्होंने कहा कि एक बार जब आप कोई फैसला कर लेते हैं, तो आपको उससे पीछे हटकर शिकायतें नहीं करनी चाहिए। मैं इस सोच में विश्वास नहीं रखता।

उन्होंने कहा कि जहां तक मेरी बात है, तो मैं यहां सिर्फ एक सामाजिक समारोह में शामिल होने आया हूं। मैं इस परिवार को कई वर्षों से जानता हूं। हमारे बीच बहुत करीबी संबंध हैं।

कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि किसी ने भी आज तक मुझसे यह नहीं पूछा कि मुझे उनके साथ जुड़ना चाहिए या नहीं। उनके साथ मेरी बातचीत पूरी तरह सामाजिक रही है। उन्होंने न तो कभी मुझे कांग्रेस में शामिल होने के लिए कहा है और न ही इससे दूर रहने की कोई सलाह दी है।

Updated on:
17 Nov 2026, 3:52 PM IST
Published on: