राष्ट्रीय

ओडिशा में रिटायर्ड डीएफओ की पत्नी की हत्या का आरोपी गुजरात में गिरफ्तार, मोबाइल बंद कर पुलिस को दे रहा था चकमा

Retired DFO wife murder: ओडिशा में 76 वर्षीय बुजुर्ग महिला की हत्या कर सोने के जेवर और नकदी लूटने वाले केयरटेकर को गुजरात के करजण में गिरफ्तार किया गया है। आरोपी लुधियाना से सूरत पहुंचा था और दिल्ली भागने की तैयारी में था, तभी पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
2 min read
• •
Updated: 11 Nov 2026, 8:44 PM IST
Retired DFO wife murder
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी। फोटो- पत्रिका

Odisha Murder Case: ओडिशा के भुवनेश्वर में 76 वर्षीय बुजुर्ग महिला की हत्या कर सोने के जेवर और नकदी लूटने वाले केयरटेकर को गुजरात में गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी हत्या के बाद पहले पंजाब के लुधियाना पहुंचा और वहां से सूरत आ गया था। वह अपनी पहचान छिपाकर लगातार ठिकाने बदल रहा था। पुलिस से बचने के लिए उसने अपना मोबाइल फोन भी बंद रखा था। दिल्ली भागने की तैयारी के बीच सूरत क्राइम ब्रांच और वडोदरा ग्रामीण एसओजी ने उसे करजण के पास पकड़ लिया।

बुजुर्ग महिला की गला दबाकर हत्या

मामला भुवनेश्वर के लक्ष्मीसागर थाना क्षेत्र का है। यहां 3 नवंबर को सेवानिवृत्त डीएफओ की 76 वर्षीय पत्नी कुंजलता नंदा की घर में हत्या कर दी गई थी। उनका गला दबाकर वारदात को अंजाम दिया गया था। हत्या का आरोप घर में पिछले चार से पांच महीने से केयरटेकर के रूप में काम कर रहे बलभद्र रामचरण महाराणा (40) पर है। वह ओडिशा के खुर्दा जिले के टांगी गांव का रहने वाला है।

कुंजलता नंदा के दो बेटे और दो बेटियां हैं। एक बेटा अमेरिका में रहता है, जबकि दूसरा मुंबई में रहता है। दोनों बेटियां भी अलग रहती हैं। ऐसे में बुजुर्ग महिला घर में केयरटेकर के साथ रहती थीं। वारदात वाले दिन सुबह काफी देर तक घर का दरवाजा नहीं खुला और अंदर से कोई जवाब भी नहीं मिला। इस पर पड़ोसियों को शक हुआ। उन्होंने दरवाजा तोड़कर अंदर देखा तो कुंजलता नंदा का शव मिला। उनके शरीर और गले पर चोट के निशान थे। इस बीच केयरटेकर घर से गायब था। पुलिस को उसी पर शक हुआ।

32 हजार रुपए और 50 से 60 ग्राम सोना लूटा

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि आरोपी ने बुजुर्ग महिला की हत्या करने के बाद घर से 32 हजार रुपए नकद और करीब 50 से 60 ग्राम सोने के जेवर लूट लिए थे। इसके बाद वह ट्रेन से भुवनेश्वर से लुधियाना भाग गया। वहां से गुजरात के सूरत पहुंचा। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। उसने अपना मोबाइल फोन भी इस्तेमाल नहीं किया। वह रास्ते में जरूरत पड़ने पर अनजान लोगों से फोन मांगकर बात करता था, ताकि पुलिस उसकी लोकेशन का पता नहीं लगा सके।

दिल्ली भागने से पहले पकड़ा

ओडिशा पुलिस को तकनीकी जांच से पता चला कि आरोपी सूरत में है और वहां से बस के जरिए दिल्ली भागने की तैयारी कर रहा है। इसके बाद ओडिशा पुलिस ने सूरत क्राइम ब्रांच को सूचना दी। सूरत क्राइम ब्रांच ने वडोदरा ग्रामीण एसओजी के साथ मिलकर उसकी तलाश शुरू की। दोनों टीमों ने राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर करजण के पास नाकाबंदी की। इस दौरान एक होटल के पास आरोपी को घेरकर पकड़ लिया गया।

पांच दिन के ट्रांजिट रिमांड पर ओडिशा पुलिस को सौंपा

सूरत के डीसीपी भावेश रोजिया ने बताया कि आरोपी ने भुवनेश्वर में 76 वर्षीय महिला की गला दबाकर हत्या की थी। वह घर में चार से पांच महीने से केयरटेकर के रूप में काम कर रहा था। हत्या के बाद नकदी और सोने के जेवर लेकर लुधियाना होते हुए सूरत पहुंचा था। यहां से दिल्ली जाने की फिराक में था। ओडिशा पुलिस से मिले इनपुट के आधार पर सूरत क्राइम ब्रांच और वडोदरा ग्रामीण पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के पास से लूटे गए नकदी और सोने के जेवर भी बरामद कर लिए हैं। सूरत और वडोदरा पुलिस ने स्थानीय अदालत से आरोपी का पांच दिन का ट्रांजिट रिमांड लिया। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे ओडिशा पुलिस को सौंप दिया गया है। अब भुवनेश्वर की लक्ष्मीसागर पुलिस उससे आगे की पूछताछ करेगी।

Updated on:
11 Nov 2026, 8:44 PM IST
Published on: