राष्ट्रीय

पूर्व सीएम चन्नी का पंजाब सरकार पर हमला, बोले- पुलिस और लॉरेंस गैंग में साठगांठ, FBI ने भी इंस्पेक्टर को आरोपी बनाया

Charanjit Singh Channi: पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने पंजाब में नगर निकाय चुनावों, गैंगस्टरवाद, रंगदारी और कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर भगवंत मान सरकार और आम आदमी पार्टी पर निशाना साधा।
2 min read
charanjeet singh channi
पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी (फ़ोटो- ANI)

Charanjit Singh Channi: पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस सांसद चरणजीत सिंह चन्नी ने मुख्यमंत्री भगवंत मान की सरकार और आम आदमी पार्टी (AAP) पर तीखा हमला बोला है। चन्नी ने पंजाब पुलिस और लॉरेंस बिश्नोई व जग्गू भगवानपुरिया जैसे गैंगस्टरों के बीच गहरी सांठगांठ का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पंजाब में गैंगस्टर और पुलिस की मिलीभगत इतनी बढ़ गई है कि अब विदेशी एजेंसियां ​​भी इस पर मुहर लगा रही हैं। अमेरिकी जांच एजेंसी FBI की एक जांच में पंजाब पुलिस के एक इंस्पेक्टर (SHO) की संलिप्तता का बड़ा खुलासा हुआ है।

चन्नी ने आरोप लगाया कि इस खुलासे के बावजूद, भगवंत मान सरकार ने आरोपी अधिकारी को बर्खास्त या गिरफ्तार करने के बजाय सिर्फ उसका तबादला पुलिस लाइंस में कर दिया है। सरकार ऐसा करके उसे बचाने और पूरे मामले को दबाने की कोशिश कर रही है।

गैंगस्टरों के साथ मिलकर काम कर रही है पंजाब पुलिस

चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा कि पंजाब में गैंगस्टरों और जबरन वसूली के बढ़ते मामलों के बीच, अमेरिका की प्रमुख जांच एजेंसी FBI ने पंजाब पुलिस के एक इंस्पेक्टर की भूमिका को उजागर किया है। उस अधिकारी पर गैंगस्टरों के साथ मिलकर पैसे वसूलने, लोगों को धमकियां देने और एफआईआर (FIR) में हेरफेर करने के गंभीर आरोप हैं। वह लॉरेंस जैसे खतरनाक गैंगस्टरों के सिंडिकेट के साथ मिलकर काम कर रहा था।

CM भगवंत मान से पूछे तीखे सवाल

उन्होंने कहा, "मैं CM भगवंत मान से पूछना चाहता हूं कि आपका प्रशासन कहां है? असल में उनके पास कोई असली ताकत नहीं है, क्योंकि राज्य को पीछे से दिल्ली के लोग चला रहे हैं। क्या आप उस ड्रग्स के कारोबार में शामिल हैं जो आज पंजाब के हर घर तक पहुंच गया है और जिसके कारण हमारे युवा मर रहे हैं? पुलिस अपराधियों को पकड़ने के बाद सिर्फ उनके पैरों में गोली मार देती है, लेकिन मुख्य नेटवर्क पर कोई कार्रवाई नहीं होती।"

अपराधियों को संरक्षण दे रही है पंजाब सरकार

कांग्रेस सांसद ने दुख जताते हुए कहा, "यह वह पंजाब नहीं है जो हमने आपको सौंपा था, आपने हमारे 'सुनहरे पंजाब' को पूरी तरह बर्बाद कर दिया है।" उन्होंने अरविंद केजरीवाल से सवाल करते हुए पूछा कि FBI की जांच में सामने आए उस दागी अधिकारी को सिर्फ पुलिस लाइन भेजना क्या काफी है? क्या इस मामले की पूरी जांच नहीं होनी चाहिए? इस अधिकारी पर चार करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का आरोप है। यह कोई अकेली घटना नहीं है, पुलिस खुद ऐसे अपराधों में मदद कर रही है और सरकार उसे बचा रही है।

'पंजाब में लोकतंत्र का गला घोंटा गया'

कांग्रेस सांसद चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा कि पंजाब में अब लोकतंत्र नाम की कोई चीज नहीं बची है। राज्य में हो रहे नगर निकाय चुनाव असल में चुनाव नहीं हैं, बल्कि उन्हें सरकारी तंत्र के जरिए हाईजैक किया जा रहा है। हमारे कांग्रेस उम्मीदवार चमकौर साहिब, मोरिंडा और राणा गुरजीत सिंह के निर्वाचन क्षेत्र कपूरथला जैसी जगहों पर चुनाव जीते। इसके बावजूद, जहां हमारे उम्मीदवार जीते, उन्हें जबरन किनारे कर दिया गया और आम आदमी पार्टी के लोगों को नगर निकाय अध्यक्ष घोषित कर दिया गया। यह सरासर लोकतंत्र की लूट है।

Updated on:
08 Jul 2026 09:27 pm
Published on:
08 Jul 2026 08:40 pm