
सुश्मिता देव, सुखेंदु शेखर रॉय और प्रकाश चिक बराइक आज भाजपा में शामिल। (फोटो- IANS)
West Bengal Politics: तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) छोड़कर भाजपा में शामिल होने वाले तीन दिग्गज नेताओं को राज्य सभा का टिकट मिल गया है। 24 जुलाई को होने वाले राज्य सभा उपचुनाव के लिए अपने उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं।
पूर्व राज्यसभा सांसद सुश्मिता देव, सुखेंदु शेखर रॉय और प्रकाश चिक बराइक को भाजपा ने राज्य सभा उपचुनाव के लिए अपना उम्मीदवार बनाया है। नंबरों के हिसाब से उनकी जीत लगभग तय है।
बता दें कि बंगाल विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद सुश्मिता देव, सुखेंदु शेखर रॉय और प्रकाश चिक बराइक आज भाजपा में शामिल हो गए। इसके तुरंत बाद राज्य सभा उम्मीदवार की घोषणा कर दी गई।
सबसे बड़ी बात यह है कि भाजपा ने इन्हीं तीनों को पश्चिम बंगाल की तीन खाली राज्यसभा सीटों के लिए अपना उम्मीदवार घोषित किया है। यह तीनों नेता एक समाय में ममता बनर्जी के सबसे करीबी माने जाते थे। उनकी हार के बाद तीनों ने उनका साथ छोड़ दिया है।
पिछले महीने जून में इन तीनों नेताओं ने टीएमसी और राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। सुखेंदु शेखर रॉय ने 8 जून को, सुश्मिता देव ने 10 जून को और प्रकाश चिक बराइक ने 11 जून को पार्टी छोड़ा था।
विधानसभा चुनाव में टीएमसी की हार के बाद पार्टी में कलह चरम पर पहुंच गया है। कई नेता ममता बनर्जी के फैसलों और पार्टी चला रहे कुछ लोगों के तौर-तरीकों से नाराज थे।
आज कोलकाता के साल्ट लेक स्थित भाजपा कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष समीक भट्टाचार्य की मौजूदगी में इन तीनों को पार्टी में शामिल किया गया।
समीक भट्टाचार्य ने कहा कि इन अनुभवी नेताओं के आने से पार्टी की संगठनात्मक ताकत और बढ़ेगी। भाजपा अब बंगाल में सत्ता में है और इन नए चेहरों के साथ और मजबूत बनेगी।
इसके अलावा, बीजेपी ने गुजरात में मंजलपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए भी अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया है। मंजलपुर से सुरेशभाई गोविंदभाई पटेल को भाजपा ने अपना उम्मीदवार बनाया है।
Updated on:
09 Jul 2026 09:46 pm
Published on:
09 Jul 2026 09:36 pm
