
TMC सांसद कल्याण बनर्जी (फोटो-ANI)
Mamata Banerjee rally: कोलकाता में तृणमूल कांग्रेस (TMC) की रैली के दौरान हुए उपद्रव को लेकर TMC सांसद कल्याण बनर्जी ने आरोप लगाया है कि भाजपा के कार्यकर्ताओं ने उनकी शांतिपूर्ण रैली पर पहले से सोची-समझी साजिश के तहत हमला किया और TMC की महिला कार्यकर्ताओं के साथ बेरहमी से मारपीट की और मौके पर मौजूद पुलिस मूकदर्शक बनकर तमाशा देखती रही। उन्होंने कहा कि ऐसी घिनौनी और बदले की भावना वाली राजनीति जो शुभेन्दु अधिकारी के मुख्यमंत्री बनने के बाद से देखने को मिल रही है, वो पश्चिम बंगाल के राजनीतिक इतिहास में पहले कभी नहीं देखी गई थी।
बता दें कि बुधवार दोपहर में बालीगंज फारी से हाजरा मोड़ तक टीएमसी मुखिया और पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की रैली के दौरान अंडे फेंके गए। इस दौरान विरोध कर रहे लोगों ने 'चोर-चोर' के नारे भी लगाए।
इस पर प्रतिक्रिया देते हुए टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी ने कहा, "पश्चिम बंगाल में हिंसा की ऐसी घटनाएं पहले कभी नहीं देखी गईं। शुभेंदु अधिकारी के मुख्यमंत्री बनने के बाद से ही बदले की राजनीति हो रही है। हमारे युवा और छात्र संगठन हाई कोर्ट से मंजूरी लेकर रैली करने निकले थे। लेकिन, जिस तरह से सुबह से ही भाजपा के 300 लोगों ने बिना हेलमेट के बाइक रैली की और ममता बनर्जी के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया, ऐसा कभी नहीं हुआ। ये लोग अपराधी हैं, उन्होंने कालीघाट से बालीगंज तक पूरे रास्ते डीजे पर तेज आवाज में गाने बजाए। भाजपा के लोगों ने रैली के दौरान हमारे लोगों, महिलाओं के साथ मारपीट की और पुलिस ने यह सब होने दिया। यह पूरी तरह से गलत है। यह अदालत के आदेश का उल्लंघन है, पुलिस कानून-व्यवस्था बनाए रखने में नाकाम साबित हुई है।"
तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) प्रमुख और पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अपनी रैली में उपद्रव को लेकर कहा, "जनता को उन टीएमसी नेताओं को कभी माफ नहीं करना चाहिए जिन्होंने गद्दारी की और भाजपा का साथ दिया। उनके कारण भाजपा ने अत्याचार और बढ़ा दिया है। आपने मेरे चुनाव चिह्न पर चुनाव लड़ा और अब भाजपा की गोद में बैठ गए। दो नावों पर सवार होने की कोशिश मत कीजिए। अभी भी समय है, पीछे मुड़कर देखिए और इस बर्बरता पर जवाब दीजिए।"
वहीं, TMC सांसद सॉगत राय ने कहा, "निंदा करने के लिए मेरे पास कोई शब्द नहीं है… हम इसकी निंदा करते हैं, हम इसका प्रतिरोध भी करेंगे।"
Updated on:
08 Jul 2026 08:51 pm
Published on:
08 Jul 2026 08:03 pm
