
नासिक। राष्ट्रवादी कांग्रेस के दोनों गुटों के विलय को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच वरिष्ठ नेता छगन भुजबल ने कहा कि इस बारे में कोई भी फैसला दोनों पक्षों को मिलकर लेना चाहिए। अभी तक उनके पास विलय को लेकर कोई औपचारिक जानकारी नहीं आई है। वे भी इस मामले में टीवी पर चल रही खबरें ही देख रहे हैं। उन्होंने कहा कि सही समय आने पर सुनेत्रा पवार सभी को विश्वास में लेकर अपनी बात रखेंगी।
भुजबल ने कहा कि विलय को लेकर दोनों तरफ से सामूहिक रूप से बातचीत होनी चाहिए। ऐसा नहीं होना चाहिए कि कोई एक नेता बातचीत के लिए जाए और बाकी लोग अलग रहें। उन्होंने क्रिकेट मैच का उदाहरण देते हुए कहा कि जब टीम के सभी खिलाड़ी साथ बैठते हैं, तभी फैसला सही तरीके से होता है। विलय करना है तो दोनों पक्षों को एक साथ बैठकर तय करना चाहिए। बीच-बीच में अलग-अलग बातचीत और फिर वापस लौटने का सिलसिला ठीक नहीं है।
शरद पवार से अजित पवार गुट के विधायकों की मुलाकात पर भी भुजबल ने अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि वे खुद भी शरद पवार से अस्पताल और उनके घर पर मिलने गए थे। किसी नेता की तबीयत पूछने जाना गलत नहीं है। उन्होंने कहा कि उनके जीवन में दो बड़े नेता रहे हैं। एक बाल ठाकरे और दूसरे शरद पवार। दोनों उनके मार्गदर्शक रहे हैं। हालांकि शरद पवार की पार्टी अलग है और वे खुद दूसरे दल में हैं।भुजबल ने कहा कि अगर दोनों पवार एक साथ आते हैं तो पुराने राष्ट्रवादी कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को खुशी होगी। उन्होंने याद दिलाया कि शरद पवार के साथ उन्होंने भी राष्ट्रवादी कांग्रेस की स्थापना में अहम भूमिका निभाई थी। उस समय कई नेता कांग्रेस छोड़कर राष्ट्रवादी कांग्रेस में आने को लेकर असमंजस में थे।
कुछ नेता चार महीने बाद तो कुछ छह महीने बाद पार्टी में शामिल हुए थे। ऐसे में दोनों पवार के साथ आने से पुराने नेताओं को खुशी होगी। उन्होंने कहा कि इसी तरह अगर दोनों शिवसेना एक साथ आती हैं और ठाकरे बंधु साथ होते हैं तो पुराने शिवसैनिकों को भी अच्छा लगेगा। फिलहाल विलय को लेकर चल रही चर्चाओं पर सभी की नजर है और अंतिम फैसला दोनों पक्षों की सामूहिक बातचीत के बाद ही होना चाहिए।