समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव का निधन हो गया। नीतीश कुमार ने मुलायम सिंह यादव के निधन पर शोक जताया है। नीतीश कुमार ने कहा कि उत्तर प्रदेश एवं देश के विकास में उनके महत्वपूर्ण योगदान को हमेशा याद किया जाएगा।
उत्तर प्रदेश के सियासी अखाड़े के माहिर पहलवान माने जाने वाले समाजवादी पार्टी (सपा) संस्थापक मुलायम सिंह यादव का सोमवार को निधन हो गया। हाल ही में उन्हें गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहीं, उनके निधन की खबर को सुनकर हर कोई उन्हें श्रधांजली दे रहा हैं। उनके निधन के बाद बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शोक जताया है। अपने शोक संदेश में सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि मुलायम सिंह यादव का निधन राष्ट्र के लिए अपूरणीय क्षति है। मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद बिहार सरकार ने 10 अक्टूबर को एक दिवसीय राजकीय शोक घोषित किया है।
नीतीश कुमार ने नेताजी को देश का बड़ा समाजवादी नेता बताते हुए कहा कि वह समाजवादी पार्टी के संस्थापक और संरक्षक थे। एक साधारण किसान परिवार में जन्म लेने के बाद मुलायम सिंह यादव तीन बार मुख्यमंत्री और एक बार देश के रक्षा मंत्री रहे। वह स्पष्टवादी, निडर और दूरदर्शी नेता थे साथ ही लोकप्रिय और कुशल प्रशासक भी थे। नीतीश कुमार ने आगे कहा, "मुलायम सिंह यादव का आम लोगों के साथ गहरा लगाव था और सभी के साथ उनका व्यवहार स्नेह पूर्ण था। वह हमेशा अपनी विचारधारा के प्रति अडिग रहते थे।"
नीतीश कुमार ने अपने शोक संदेश में आगे कहा, "मुलायम सिंह गरीबों के अधिकारों के लिए लड़ने वाली सबसे प्रभावशाली आवाजों में से एक थे। नेताजी के योगदान को उत्तर प्रदेश के विकास और देश के विकास के संदर्भ में हमेशा याद किया जाएगा। लायम सिंह यादव से हमारा व्यक्तिगत लगाव था। उनके निधन से मुझे काफी दुख पहुंचा है। मैं दुख की इस घड़ी में दिवंगत आत्मा की शांति और उनके परिजनों को दुख की घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना करता हूं।"
इस बीच नीतीश कुमार की सपा संरक्षक के साथ हुई आखिरी मुलाकात की तस्वीर भी काफी वायरल हो रही है। करीब एक महीने पहले 6 सितंबर को नीतीश कुमार दिल्ली के मेदांता अस्पताल में मुलायम सिंह से मिलने पहुंचे थे। उस समय नीतीश हाथ जोड़े खड़े नजर आए थे। मुलायम सिंह उस समय अस्पताल की बेड पर लेटे हुए थे। वहीं नीतीश कुमार समेत तमात नेता उनके सामने खड़े थे। उस समय अखिलेश यादव भी वहां मौजूद थे। उनके साथ में दिग्गज जेडीयू केसी त्यागी भी तस्वीर में नजर आ रहे हैं। मुलायम के साथ नीतीश कि ये आखिरी मुलाकात थी।
यह भी पढ़ें: हमला हुआ तो मुलायम सिंह यादव ने खुद की हत्या का करा दिया था ऐलान, जानिए उनकी जिंदगी से जुड़े रोचक किस्से