राष्ट्रीय

भारत की तरक्की रोकने के लिए चीन ने बनाया नया प्लान, दवाइयों से लेकर बैटरी तक पर दबाव बनाने की कोशिश

China Pakistan Military Support: एक अमेरिकी रिपोर्ट में दावा किया गया है कि चीन सीमा पर सैन्य दबाव के साथ दवाइयों, इलेक्ट्रॉनिक्स और बैटरी उद्योग से जुड़ी सप्लाई रोककर भारत की तरक्की प्रभावित करने की कोशिश कर रहा है। इसके साथ ही ऑपरेशन सिंदूर में चीन की भूमिका की जानकारी भी सामने आई है।
2 min read
• •
Updated: 21 Nov 2026, 7:12 PM IST
China Economic Pressure on India new us report
भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग (फाइल फोटो-IANS)

India China Trade: भारत की तरक्की को रोकने के लिए चीन अब सिर्फ सीमा पर सैन्य दबाव ही नहीं बना रहा, बल्कि आर्थिक मोर्चे पर भी अपनी ताकत का इस्तेमाल कर रहा है। वह भारतीय कंपनियों के लिए जरूरी मशीनों, तकनीक और कच्चे माल की सप्लाई पर रोक लगाकर देश की औद्योगिक तरक्की की रफ्तार धीमी करने की कोशिश कर रहा है। इस बात का खुलासा अमेरिका की एक संसदीय समिति की ताजा रिपोर्ट में किया गया है। रिपोर्ट में चीन की इस रणनीति को भारत के बढ़ते प्रभाव को रोकने की कोशिश बताया गया है।

भारत की तरक्की से क्यों परेशान है चीन?

अमेरिकी कांग्रेस को सीधे रिपोर्ट देने वाले यूएस-चाइना इकोनॉमिक एंड सिक्योरिटी रिव्यू कमीशन ने अपनी सालाना रिपोर्ट में कहा है कि भारत एशिया में चीन के प्रभाव को चुनौती देने की क्षमता रखता है। भारत अमेरिका के सैन्य गठबंधन का हिस्सा नहीं होने के बावजूद एशिया में ताकत का संतुलन बदल सकता है। साथ ही, वह चीनी कंपनियों के मुकाबले एक मजबूत मैन्युफैक्चरिंग विकल्प बन सकता है। रिपोर्ट के मुताबिक, चीन इसी वजह से कई मोर्चों पर भारत की तरक्की रोकने में जुटा है।

दवाइयों और इलेक्ट्रॉनिक्स उद्योग को कैसे घेर रहा चीन?

रिपोर्ट में कहा गया है कि चीन ने भारत को जरूरी औद्योगिक सामान और कच्चे माल की सप्लाई सीमित की है। साथ ही कुछ चीनी इंजीनियरों को वापस बुलाया गया और जरूरी उपकरणों की सप्लाई भी रोक दी गई है। इससे भारत का इलेक्ट्रॉनिक्स उद्योग प्रभावित हो सकता है। इसके साथ ही चीन की कीमतों को कम रखने की रणनीति भी भारतीय कंपनियों के लिए चुनौती बन रही है। रिपोर्ट के अनुसार, चीन दवाइयां बनाने में इस्तेमाल होने वाले कच्चे माल की कीमतें कम रखता है। इससे भारतीय कंपनियों के लिए उसके उत्पादों से मुकाबला करना मुश्किल हो जाता है।

बैटरी तकनीक पर भी चीन का नियंत्रण

अमेरिकी आयोग ने बैटरी तकनीक पर चीन के निर्यात नियंत्रण को भी चिंता का विषय बताया है। इससे भारत के स्वच्छ ऊर्जा क्षेत्र को आगे बढ़ाने की कोशिशों पर असर पड़ सकता है। रिपोर्ट के मुताबिक, चीन जरूरी तकनीक, औद्योगिक सामान और विशेषज्ञता पर अपनी पकड़ का इस्तेमाल कर रहा है, ताकि भारत के लिए अपनी उत्पादन क्षमता बढ़ाना आसान न हो।

सीमा पर भी बढ़ा रहा दबाव

रिपोर्ट में चीन की सैन्य गतिविधियों का भी जिक्र है। आयोग के मुताबिक, चीन सीमा के पास हवाई पट्टियां, रेलवे और सैन्य रसद से जुड़ी सुविधाएं बढ़ा रहा है, ताकि जरूरत पड़ने पर सैनिकों को तेजी से तैनात किया जा सके। अरुणाचल प्रदेश की सीमा पर भी चीनी सैनिकों के साथ कई जगह टकराव जारी रहने की बात सामने आई है।

पाकिस्तान के साथ मिलकर भारत पर दोतरफा दबाव

रिपोर्ट में मई 2025 के ऑपरेशन सिंदूर का भी जिक्र है। इसमें कहा गया है कि चीन ने सीधे युद्ध में शामिल हुए बिना पाकिस्तान को सैन्य और तकनीकी मदद दी। इससे भारत के सामने दो मोर्चों पर चुनौती बढ़ने की आशंका है। चीन ने हिंद महासागर में अपनी नौसैनिक मौजूदगी और निगरानी गतिविधियां भी बढ़ाई हैं।

भारत-अमेरिका के बीच सहयोग बढ़ाने की सलाह

अमेरिकी आयोग ने भारत को चीन का मुकाबला करने के लिए अमेरिका का अहम साझेदार बताया है। रिपोर्ट में अमेरिका को भारत के साथ खुफिया जानकारी साझा करने, समुद्री सुरक्षा, रक्षा तकनीक और मैन्युफैक्चरिंग के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने की सलाह दी गई है। हालांकि, आयोग ने यह भी माना कि भारत की कई औद्योगिक जरूरतें अब भी चीनी मशीनों और कलपुर्जों पर निर्भर हैं। इस निर्भरता को कम करने के लिए भारत को पूंजी, तकनीक और समय की जरूरत होगी।

Updated on:
21 Nov 2026, 7:12 PM IST
Published on: