
Gujarat Road Accident: जूनागढ़ जिले के मालिया हाटीना में दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर में 23 वर्षीय सीआईएसएफ जवान की मौत हो गई, जबकि 18 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जवान शादी समारोह में शामिल होने के लिए छुट्टी लेकर अपने गांव आया था। परिवार में शादी की खुशियों के बीच हुए इस हादसे ने सभी को गहरे सदमे में डाल दिया। हादसे में दिग्विजयसिंह बहादुरभाई सिसोदिया की मौत हो गई, जबकि राजवीर सोनिंग भलगरीया गंभीर रूप से घायल हो गए।
दोनों मोटरसाइकिलों के बीच टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को तुरंत मालिया हाटीना सिविल अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ. इरफान महिडा ने दिग्विजयसिंह की जांच की और उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं राजवीर की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर उपचार के लिए दूसरे अस्पताल में रेफर कर दिया गया। उनकी हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने आगे के उपचार की सलाह दी।
दिग्विजयसिंह केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) में जवान के पद पर तैनात थे। वे शादी समारोह में शामिल होने के लिए छुट्टी लेकर अपने गांव आए थे। परिवार के लोग उनके आने से खुश थे और घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। इसी बीच सड़क हादसे में उनकी मौत की खबर ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। जिस घर में शादी की खुशियां मनाई जानी थीं, वहां अचानक चीख-पुकार मच गई। हादसे की सूचना मिलने पर मालिया हाटीना पुलिस का स्टाफ सिविल अस्पताल पहुंचा। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया और जरूरी कानूनी कार्रवाई शुरू की।
जवान की मौत की खबर फैलने के बाद बड़ी संख्या में लोग अस्पताल पहुंच गए। एक युवा जवान की अचानक मौत से परिवार और परिचितों में शोक का माहौल है। पुलिस ने दुर्घटना के संबंध में जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। वहीं दूसरी तरफ अहमदाबाद शहर के साइंस सिटी स्थित विज्ञान भवन में आयोजित कार्यक्रम के लिए लगाया गया भारी-भरकम बोर्ड एक सिक्योरिटी गार्ड के लिए जानलेवा साबित हुआ। सोमवार सुबह ड्यूटी के दौरान वहां से गुजर रहे गार्ड पर अचानक बोर्ड गिर पड़ा। सिर में गंभीर चोट लगने से तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उपचार के दौरान मौत हो गई।