
Maharashtra News: जिस कलक्टर के कार्यालय को आंचल वसावे अब तक दूर से देखती थी, शुक्रवार को उसी कार्यालय में उसे कलक्टर की कुर्सी पर बैठने का मौका मिला। महाराष्ट्र के नंदुरबार जिले में आयोजित ‘एक दिन की जिलाधिकारी’ पहल के तहत 11वीं की छात्रा आंचल को एक दिन के लिए प्रशासनिक पद की जिम्मेदारी का अनुभव कराया गया।
खास बात यह रही कि महिला एवं बाल विकास मंत्री आदिती तटकरे ने खुद उसे कलक्टर की कुर्सी पर बैठाया और उसके सपनों को आगे बढ़ाने के लिए उच्च शिक्षा की जिम्मेदारी लेने का भरोसा दिया। आंचल धीरज वसावे अक्कलकुवा तहसील के दूरदराज के सोरापाड़ा गांव की रहने वाली है। जिला कलक्टर डॉ. मिताली सेठी की पहल पर यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्र की छात्राओं को प्रशासनिक व्यवस्था से परिचित कराना और उन्हें बड़े लक्ष्य तय करने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम के दौरान आंचल ने कलक्टर कार्यालय में बैठकर प्रशासन के कामकाज की जानकारी ली। उसने अधिकारियों की जिम्मेदारियों, सरकारी फैसले लेने की प्रक्रिया और जिला प्रशासन के अलग-अलग कामों को समझा। यह अनुभव उसके लिए खास रहा, क्योंकि वह भविष्य में खुद प्रशासनिक अधिकारी बनना चाहती है। इस मौके पर मंत्री आदिती तटकरे ने आंचल की हौसला अफजाई की। उन्होंने कहा कि बेटियों को आगे बढ़ने और अपने सपने पूरे करने के अवसर मिलने चाहिए। उन्होंने आंचल की उच्च शिक्षा का खर्च उठाने की जिम्मेदारी लेने का भरोसा भी दिया, ताकि आर्थिक परेशानी उसकी पढ़ाई में रुकावट न बने।
आंचल ने भी भविष्य में प्रतियोगी परीक्षाओं के माध्यम से भारतीय प्रशासनिक सेवा में जाने और अधिकारी बनने का संकल्प जताया। एक दिन के लिए कलक्टर की कुर्सी पर बैठने का यह मौका उसके लिए सिर्फ सम्मान नहीं, बल्कि अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने की नई प्रेरणा बन गया। अब उसका सपना एक दिन के लिए नहीं, बल्कि स्थायी रूप से कलक्टर की कुर्सी तक पहुंचने का है। इस पहल से जिले की दूसरी छात्राओं को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी। प्रशासन का मानना है कि ऐसे कार्यक्रमों से ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों की बेटियों में आत्मविश्वास बढ़ेगा। उन्हें यह समझने का मौका मिलेगा कि मेहनत और पढ़ाई के दम पर वे भी बड़े प्रशासनिक पदों तक पहुंच सकती हैं।