
Kolkata Warehouse Collapse: पश्चिम बंगला के कोलकाता के तारातला में एक निर्माणाधीन गोदाम के ढह जाने से अब तक 11 मजदूरों की मौत हो गई है। मलबे से निकाले गए 29 लोगों में से 20 अस्पताल में भर्ती हैं, जिनमें से चार की हालत गंभीर बताई जा रही है। अब इस घटना को लेकर बंगाल की राजनीति गरमा गइ है। विधानसभा में इस हादसे पर बोलते हुए मुख्यमंत्री शुभेन्दु अधिकारी ने मृतकों और घायलों के लिए मुआवजे की घोषणा की। इसके साथ ही मृणमूल कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। वहीं कांग्रेस ने बंगाल सरकार पर निशाना साध है।
तारातला वेयरहाउस गिरने की घटना पर TMC सांसद महुआ मोइत्रा ने कहा कि अगर ऐसी घटना कहीं भी होती है, तो जल्द से जल्द कार्रवाई होनी चाहिए। 11 लोगों की मौत हो चुकी है, सेना और NDRF वहां काम कर रहे हैं। यहां की मुख्यमंत्री अब कह रही हैं कि यह प्रोजेक्ट तृणमूल कांग्रेस के शासनकाल में पास हुआ था। अब यह आपके हाथ में है। आपने कोलकाता कॉर्पोरेशन को भंग कर दिया है और KMC के अधिकारी नए नहीं हैं, इसलिए आपको विभागीय जांच करानी चाहिए और जिसे चाहें उसे सजा देनी चाहिए।
एक तरफ, आप दावा कर रहे हैं कि पूर्व मेयर बॉबी हकीम के हस्ताक्षर हैं, और आप उसी बॉबी हकीम को अपनी पार्टी में बुला रहे हैं, और उसी बॉबी हकीम को अपनी तरफ लाकर 65 विधायकों का नेता बना रहे हैं। यहां शेर भाग रहा है, और आप बिल्ली और चूहे का पीछा कर रहे हैं। मुझे बताइए कि कॉन्ट्रैक्टर क्या होता है। अगर आप कह रहे हैं कि प्लान में खराबी थी, तो उसे पकड़िए जिसने इसे पास किया था।
पश्चिम बंगाल कांग्रेस अध्यक्ष शुभंकर सरकार ने गुरुवार को ताराताला गोदाम ढहने के पीड़ितों के परिवारों के लिए सरकारी नौकरियों और बढ़े हुए मुआवजे की मांग की। इसके साथ ही नवगठित प्रशासन से अतीत की गलतियों के प्रति सतर्क रहने का आग्रह किया। कांग्रेस नेता ने मीडिया से बात करते हुए बंगाल सरकार ने निर्माण के लिए दी गई अनुमती पर सवाल उठाया और जवाबदेही की मांग की।
बंगाल कांग्रेस अध्यक्ष ने बंगाल सरकार से सवाल करते पूछा कि निर्माण की अनुमति किसने दी, पीड़ित परिवारों को मुआवजा ज्यादा होना चाहिए और उन्हें सरकार के किसी स्तर पर एक नौकरी भी दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि मैं आपको एक बात बताना चाहता हूं, सरकार को बने एक महीना हो गया है। नई सरकार बने ज्यादा समय नहीं हुआ है। पिछली सरकार के कार्यकाल में जो कुछ भी हुआ, उसकी वजह से ही सरकार बदली। नई सरकार होने के नाते उसे हर चीज पर नजर रखनी चाहिए।
विधानसभा में मुख्यमंत्री शुभेन्दु अधिकरी ने दुख जताते हुए टीएमसी पर तीखा हमला बोला। भ्रष्टाचार के कारण सिटी ऑफ जॉय को 'मृत्युपुरी' में तब्दील कर दिया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस लोहे के विशाल ढांचे के निर्माण का नक्शा (प्लान) 17 जनवरी 2026 को पास किया गया था, जिस पर कोलकाता के पूर्व मेयर के हस्ताक्षर हैं। सीएम ने कहा कि बिना पूर्व मेयर फिरहाद हकीम के ओएसडी कालीचरण बनर्जी की अनुमति के कोलकाता नगर निगम में कोई प्लान पास नहीं होता।
कोलकाता के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) कुणाल अग्रवाल ने आज सुबह बताया कि ताराताला गोदाम ढहने के मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिसमें अब तक 11 लोगों की जान जा चुकी है। एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए अग्रवाल ने कहा कि एक विशेष जांच दल (एसआईटी) और जांच विभाग (डीडी) संयुक्त रूप से इस घटना की जांच कर रहे हैं। अग्रवाल ने बताया कि पांच व्यक्तियों और अन्य लोगों के खिलाफ स्वतः संज्ञान लेते हुए एफआईआर दर्ज की गई थी। एफआईआर में नामजद चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इसके अलावा, एक अन्य व्यक्ति, जिसका नाम शुरू में एफआईआर में नहीं था, उसे भी गिरफ्तार किया गया है।