
Cockroach Janata Party: नई दिल्ली में 6 जून को प्रस्तावित कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन को अब एक राजनीतिक दल का खुला समर्थन मिल गया है। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) ने घोषणा की है कि वह इस आंदोलन में शामिल होगी। पार्टी के नेता अमित जोगी ने सोशल मीडिया साइट 'X' पर एक वीडियो शेयर करते हुए इसकी जानकारी दी। अपने मैसेज में अमित जोगी ने छत्तीसगढ़ी बोली का जिक्र करते हुए कहा कि वहां कॉकरोच को 'झेंगुरा' कहा जाता है और अब यही 'झेंगुरा' 6 जून को जंतर-मंतर पहुंचने वाला है। उन्होंने बताया कि उनकी पार्टी इस प्रदर्शन में भाग लेकर आंदोलन के साथ अपनी एकजुटता दिखाएगी।
जोगी ने दावा किया कि जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) देश की पहली मान्यता प्राप्त राजनीतिक पार्टी है जिसने CJP के आंदोलन को सार्वजनिक रूप से समर्थन देने का फैसला किया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में अन्य राजनीतिक दल भी इस मुहिम के साथ खड़े हो सकते हैं। अपने बयान में उन्होंने देश की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों पर भी टिप्पणी की। जोगी ने कहा कि उनकी पार्टी की वैचारिक जड़ें कांग्रेस से जुड़ी रही हैं, लेकिन मौजूदा दौर में राजनीति करने वालों को कई तरह की चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने तृणमूल कांग्रेस और शिवसेना जैसी पार्टियों का उदाहरण देते हुए कहा कि राजनीतिक दलों को अपनी पहचान और अस्तित्व बचाने के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है।
कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दिपके ने ऐलान किया है कि 6 जून को वो भारत आ रहे हैं। भारत आने के बाद उन्होंने एक प्रदर्शन करने का भी ऐलान किया है। अभिजीत दिपके ने कहा है कि परीक्षा से जुड़ी गड़बड़ियां, जिससे लाखों छात्र प्रभावित हुए हैं, उसके लिए धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना चाहिए। यही मांग करते हुए वे दिल्ली के जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण तरीके से धरना प्रदर्शन करेंगे।
केंद्रीय मंत्री और बीजेपी नेता गिरिराज सिंह ने कॉकरोच जनता पार्टी को लेकर नया बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि कॉकरोच जनता पार्टी नया टुकड़े-टुकड़े गैंग है। जो युवाओं को भड़काकर देश में गृह युद्ध करवाना चाहता है। उन्होंने कहा कि नीट पेपर लीक में जो भी हुआ वो गलत है। साथ ही सीबीआई को भी इसकी जांच करने के लिए कह दिया गया। पीएम मोदी लगातार देश के छात्रों और युवाओं के बारे में सोचते हैं, उनका भला चाहते हैं।