राष्ट्रीय

Cockroach Janata Party ने विजेता दहिया को प्रवक्ता के पद से हटाया, वीडियो सामने आने के बाद हो रहा था विरोध

Vijeta Dahiya: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने वायरल वीडियो विवाद के बाद प्रवक्ता विजेता दहिया को पद और सभी आधिकारिक जिम्मेदारियों से हटा दिया। पार्टी ने उनके व्यवहार को आंदोलन के सिद्धांतों के खिलाफ बताया।
2 min read
Jul 21, 2026
Vijeta Dahiya
विजेता दहिया को प्रवक्ता पद से हटाया गया(फोटो-X/Simpu_SinghIND)

Cockroach Janata Party (CJP) से बड़ी खबर सामने आई है। CJP ने अपने प्रमुख प्रवक्ता विजेता दहिया को प्रवक्ता पद समेत सभी आधिकारिक जिम्मेदारियों से हटा दिया है। पार्टी ने यह कार्रवाई उस वायरल वीडियो के बाद की, जिसमें दहिया प्रदर्शन स्थल से दूर नजर आए। CJP ने उनके व्यवहार को आंदोलन के मूल्यों और पार्टी के सिद्धांतों के खिलाफ बताते हुए कड़ी आपत्ति जताई है।

CJP ने क्या कहा?

पार्टी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया साइट 'X' पर जारी बयान में कहा कि वह विजेता दहिया के 'बेहद असंवेदनशील व्यवहार' की कड़ी निंदा करती है। CJP के मुताबिक, जब शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारी और पार्टी के कार्यकर्ता पुलिस कार्रवाई का सामना कर रहे थे, उसी दौरान दहिया के वीडियो सामने आए। पार्टी ने कहा कि ऐसा आचरण न केवल अस्वीकार्य है, बल्कि यह आंदोलन की भावना, मूल्यों और सिद्धांतों के भी विपरीत है। इसी कारण उन्हें प्रवक्ता पद से हटाते हुए सभी आधिकारिक जिम्मेदारियों से मुक्त कर दिया गया है।

वायरल वीडियो के बाद बढ़ा विवाद

20 जुलाई को CJP ने 'संसद चलो मार्च' का आयोजन किया था, जिसमें बड़ी संख्या में समर्थकों ने हिस्सा लिया। प्रदर्शन के दौरान विजेता दहिया का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें वह कथित तौर पर प्रदर्शन स्थल से दूर घूमते नजर आए और कथित तौर पर बर्गर खाते हुए दिखाई दिए। इसके बाद एक और वीडियो सामने आया, जिसमें दो युवक उनसे प्रदर्शन को लेकर सवाल पूछते नजर आए, जबकि दहिया ने कोई जवाब नहीं दिया।

विजेता दहिया ने दी थी सफाई

विवाद बढ़ने के बाद विजेता दहिया ने एक वीडियो जारी कर अपनी सफाई दी थी। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन समाप्त होने के बाद वह नहाने के लिए घर चले गए थे और उन्हें भूख लगने पर खाना खा रहे थे। उनका कहना था कि वायरल वीडियो को गलत संदर्भ में पेश किया गया।

प्रियंका चतुर्वेदी ने भी उठाए सवाल

शिवसेना (यूबीटी) की पूर्व सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने भी इस मामले पर सवाल उठाए। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में पूछा कि CJP के प्रवक्ता विजेता दहिया, जो अक्सर पार्टी का पक्ष रखते हैं, क्या उन्होंने 20 जुलाई के विरोध प्रदर्शन में हिस्सा नहीं लिया? उन्होंने इस पूरे घटनाक्रम पर पार्टी से जवाब मांगा।

Updated on:
21 Jul 2026 05:15 pm
Published on:
21 Jul 2026 04:49 pm