
Complaint against Pappu Yadav: अयोध्या के राम मंदिर में हुई कथित चंदा चोरी को लेकर शुक्रवार को संसद परिसर में विपक्षी सांसदों के सांकेतिक विरोध प्रदर्शन के बाद विवाद बढ़ गया है। बिहार के पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव (राजेश रंजन) द्वारा संसद के मकर द्वार पर किए गए इस सांकेतिक विरोध प्रदर्शन को लेकर उत्तर-पश्चिम दिल्ली के जहांगीरपुरी पुलिस स्टेशन में एक शिकायत दर्ज कराई गई है।
जहांगीरपुरी के रहने वाले सूर्य प्रकाश शर्मा की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत में आरोप लगाया गया है कि सांसद पप्पू यादव ने गेरुआ वस्त्र पहनकर साधु-संतों के समुदाय, सनातन धर्म और भगवान श्री राम लला का अपमान किया है। शिकायतकर्ता ने इस मामले की जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
जहांगीरपुरी के स्टेशन हाउस ऑफिसर (SHO) को दी गई एक शिकायत में आरोप लगाया गया है कि संसद परिसर में हुए एक नुक्कड़ नाटक के दौरान सांसद पप्पू यादव ने साधु का वेश धारण कर भगवा कपड़े पहने और एक चोर का रोल किया। शिकायतकर्ता का दावा है कि नाटक के दौरान श्री राम मंदिर का प्रतीक एक दान पात्र इस्तेमाल किया गया था और पैरों के पास 'राम लल्ला विराजमान' की तस्वीर रखी गई थी।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि विरोध प्रदर्शन के दौरान विपक्षी नेताओं ने चमड़े के जूते और सैंडल पहने, दान पेटी में पैसे डाले और चोरी व झपटमारी के दृश्य दिखाए। शिकायतकर्ता के अनुसार, इस पूरी घटना ने सनातन धर्म के करोड़ों अनुयायियों, भक्तों और साधु-संतों के समुदाय की धार्मिक भावनाओं को गहरी ठेस पहुंचाई है।
विपक्षी सांसदों ने अयोध्या राम मंदिर में हुए कथित चंदा चोरी मामले को लेकर केंद्र सरकार को घेरने के लिए संसद परिसर के भीतर एक सांकेतिक विरोध प्रदर्शन आयोजित किया। इस कार्यक्रम के तहत 'मकर द्वार' के बाहर एक नुक्कड़ नाटक का मंचन किया गया।
नाटक में, सांसद पप्पू यादव ने पुजारी का वेश धारण किया, जिसमें उन्होंने भगवा कुर्ता पहना था और हाथ में दान पेटी पकड़ी हुई थी। इसके बाद, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, SP सांसद डिंपल यादव और अवधेश प्रसाद व अन्य लोगों ने दान पेटी में पैसे डाले। जैसे-जैसे नाटक आगे बढ़ा, पप्पू यादव ने पेटी से पैसे चुराने, उन्हें अपनी जेब में रखने और भागने का अभिनय किया, जबकि अन्य सांसदों ने उन्हें 'चंदा चोर' कहते हुए पकड़ने का नाटक किया।