
Gokul Milk Union: महाराष्ट्र में गोकुल दूध संघ के चुनाव को लेकर सत्ता पक्ष के खिलाफ मोर्चा खोलने वाले कांग्रेस नेता सतेज उर्फ बंटी पाटील को पार्टी ने अब गोवा विधानसभा चुनाव की अहम जिम्मेदारी सौंपी है। उन्हें आगामी चुनाव के लिए गठित स्क्रीनिंग कमेटी में सदस्य बनाया गया है। यह कमेटी गोवा में कांग्रेस के उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। गोकुल दूध संघ के चुनाव में सतेज पाटील के नेतृत्व वाले पैनल ने 25 में से 13 सीटें जीतकर बहुमत हासिल किया था।
हालांकि चेयरमैन पद के चुनाव में जरूरी 14 सदस्यों का आंकड़ा पूरा नहीं हो सका। इसके बाद सत्ताधारी महायुति ने चार सरकारी सदस्यों की नियुक्ति कर अपने उम्मीदवार को चेयरमैन बना दिया। इस फैसले के खिलाफ बंटी पाटील ने सरकार पर सत्ता का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया और आंदोलन भी किया था। इस पूरे मामले ने महाराष्ट्र की राजनीति में काफी चर्चा बटोरी थी। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी इस मामले में सोशल मीडिया पर पोस्ट कर भाजपा पर लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने का आरोप लगाया था।
अब कांग्रेस नेतृत्व ने बंटी पाटील को गोवा विधानसभा चुनाव की तैयारी में अहम भूमिका दी है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) ने आगामी चुनाव के लिए स्क्रीनिंग कमेटी का गठन किया है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के निर्देश पर पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल ने इसकी आधिकारिक घोषणा की। कमेटी की अध्यक्षता केजे जॉर्ज करेंगे। सतेज पाटील और सांसद शफी परंबिल को सदस्य बनाया गया है। स्क्रीनिंग कमेटी गोवा विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस उम्मीदवारों के नामों पर विचार करेगी।
इसमें उम्मीदवारों की स्थानीय स्तर पर पकड़, जनता के बीच छवि, संगठन में सक्रियता और चुनाव जीतने की क्षमता जैसे पहलुओं को ध्यान में रखा जाएगा। गोवा में फिलहाल भाजपा की सरकार है। ऐसे में कांग्रेस ने पड़ोसी राज्य महाराष्ट्र के नेता बंटी पाटील को यह जिम्मेदारी देकर चुनावी तैयारी में उनकी भूमिका बढ़ाई है। इस नियुक्ति पर सतेज पाटील ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, केसी वेणुगोपाल और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि गोवा के कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय बनाकर जनता से जुड़े और मजबूत उम्मीदवारों को चुनाव मैदान में उतारने का प्रयास करेंगे।