कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भाजपा पर जमकर निशाना साधा और कई सवाल दागे। मल्लिकार्जुन खरगे ने कहाकि, देश के पैसे लेकर ओबीसी वर्ग तो नहीं भागा फिर भाजपा इस पर जातिगत राजनीति का प्रयोग क्यों कर रही है।राहुल गांधी की संसद सदस्यता रद कर दी गई है।
कथित मोदी सरनेम टिप्पणी मामले में सूरत कोर्ट ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को दो वर्ष की सजा सुनाई। इस के बाद कांग्रेस और भाजपा के वार पलटवार शुरू हो गया। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भाजपा पर जमकर निशाना साधा और कई सवाल दागे। मल्लिकार्जुन खरगे ने कहाकि, देश के पैसे लेकर ओबीसी वर्ग तो नहीं भागा फिर भाजपा इस पर जातिगत राजनीति का प्रयोग क्यों कर रही है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहाकि, राहुल गांधी सच बोल रहे हैं। उन्होंने संसद में अडानी से संबंधित मुद्दा रखा। क्या ये ग़लत है? आज राहुल गांधी को बोलने नहीं दिया जा रहा। इसका मतलब क्या है, लोकतंत्र को ख़त्म करने का काम किया जा रहा है। ऐसे ही चलता रहा तो इस देश में एक दिन तानाशाही आ जाएगी। खरगे ने आगे कहाकि, मोदी सरकार जेपीसी से भाग नहीं सकती! पीएनबी व जनता के पैसे लेकर नीरव मोदी, ललित मोदी, मेहुल चौकसी भागे! ओबीसी वर्ग तो नहीं भागा। फिर उनका अपमान कैसे हुआ। एसबीआई.एलआईसी को नुकसान आपके परम मित्र ने पहुंचाया! एक तो चोरी में सहयोग, फिर जातिगत राजनीति का प्रयोग! शर्मनाक!
राहुल गांधी की संसद सदस्यता रद
कांग्रेस पार्टी से सांसद राहुल गांधी को उनकी मोदी सरनेम टिप्पणी पर आपराधिक मानहानि मामले में दोषी ठहराए जाने की तारीख से लोकसभा के सदस्य के रूप में अयोग्य घोषित कर दिया गया है। अब राहुल गांधी सांसद नहीं रह गए हैं। राहुल गांधी केरल के वायनाड से संसद सदस्य चुने गए थे।
हम जेपीसी चाहते हैं, लेकिन सरकार सुनना नहीं चाहती
मल्लिकार्जुन खरगे ने कहाकि, जनता का पैसा निकालकर ऋण दिया गया। उनका (अडानी समूह) की संपत्ति की कोई जानकारी नहीं ली गई। आज एलआईसी कमजोर हो रहा है। बैंक कमजोर हो रहे हैं। इस पर हम जेपीसी चाहते हैं, लेकिन सरकार सुनना नहीं चाहती।
लोगों को मुद्दे से भटका रही है भाजपा
मल्लिकार्जुन खरगे ने आगे कहाकि, लोगों को मुद्दे से भटकाने के लिए वे (भाजपा) ऐसी बातें कर रहे हैं। कौन इस देश के पैसे लेकर भाग गए। एसबीआई और एलआईसी के पैसे लेकर कौन अमीर बना। इसका जवाब दीजिए।
शुक्रवार को चलेगा कांग्रेस पार्टी में कई बैठकों का दौर
गौरतलब है कि शुक्रवार को कांग्रेस पार्टी में कई बैठकों का दौर चलेगा। राज्यसभा में पार्टी प्रमुख और विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे की ओर से आयोजित बैठक में यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी भी कांग्रेस संसदीय कार्यालय में सांसदों की बैठक में शामिल हुए।
विजय चौक तक निकला विरोध मार्च
इस रणनीतिक बैठक के बाद कांग्रेस ने संसद भवन से विजय चौक तक एक विरोध मार्च निकला गया। जिसमें कांग्रेस समेत 14 विपक्षी दल शामिल हुए। इसके साथ ही कांग्रेस ने अपना पक्ष रखने के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी मिलने का समय मांगा है। हालांकि कांग्रेस के इस मार्च को देखते हुए विजय चौक पर भारी संख्या में सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं।