बिहार के चंपानगर में एक 24 साल की ऑर्केस्ट्रा डांसर के साथ गांव के पूर्व मुखिया समेत 6 लोगों ने गैंग रेप किया है। पुलिस ने आरोपी पूर्व मुखिया को गिरफ्तार कर लिया है और अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।
बिहार के पूर्णिया के चंपानगर में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां मजबूरी में ऑर्केस्ट्रा डांसर बनी एक महिला के साथ उसी के गांव के पूर्व मुखिया समेत छह लोगों ने गैंगरेप किया है। 24 वर्षीय पीड़िता अपने घर से किसी काम से बाहर निकली थी जिसके बाद आरोपियों ने उसे किडनैप कर लिया और फिर सुनसान इलाके में ले जाकर उसे पहले जबरदस्ती शराब पिलाई और अश्लील गानों पर डांस करने के लिए मजबूर किया और उसके बाद बारी-बारी सभी 6 आरोपियों ने उसके साथ रेप किया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 21 साल की उम्र में पीड़िता की शादी हुई थी जिसके कुछ ही दिन बाद उसके पिता की मौत हो गई थी। इसके बाद साल भर पहले ही एक सड़क हादसे में उसके पति की भी जान चली गई। पति की मौत के बाद पीड़िता अपनी मां के पास आकर रहने लगी। दोनों मां-बेटी शहर के नेवा लाल चौक के पास किराए के कमरे में रह रही थी। मजबूरी में घर चलाने के लिए पीड़िता ऑर्केस्ट्रा में डांस करने लगी।
शनिवार शाम करीब 4-5 बजे कोई सामान लेने पीड़िता नेशनल हाईवे की तरफ गई थी। पीड़िता जब सड़क किनारे खड़ी होकर किसी साधन का इंतजार कर रही थी तभी वहां एक कार आकर रुकी। कार में दो लोग सवार थे उन्होंने रास्ता पूछने के बहाने पीड़िता को बुलाया और जबरदस्ती कार के अंदर खींच लिया। इसके बाद आरोपियों ने पीड़िता के मुंह में कपड़ा ठूस दिया और उसे गांव से 25 किलोमीटर दूर एक सुनसान जगह ले गए। वहां पहुंचने पर चार लोग और आ गए। आरोपियों ने पहले तो पीड़िता को जबरदस्ती शराब पिलाई और फिर उसे अश्लील भोजपुरी गानों पर डांस करने के लिए मजबूर किया।
इसके बाद पूर्व मुखिया मो. जुनैद समेत सभी 6 आरोपियों ने शराब पी और बारी-बारी से पीड़िता का रेप किया। पीड़िता ने बताया कि वह लगातार आरोपियों से उसे जाने देने की विनती करती रही, उसने उनके सामने हाथ-पैर भी जोड़े लेकिन वे लोग नहीं रुके। पीड़िता से रेप करने के बाद सभी आरोपी बाहर से कमरा बंद करके वहां से भाग गए लेकिन जुनैद शराब के नशे में वहीं पर गिर गया। पीड़िता ने उसी आरोपी के फोन से पुलिस को फोन किया और मदद मांगी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और उन्होंने जुनैद को गिरफ्तार कर लिया। रविवार को पुलिस पीड़िता को अस्पताल लेकर गई और वहां उसका मेडिकल कराया।
पुलिस के अनुसार इस घटना में पीड़िता को काफी चोट आई है और उसके इंटरनल पार्ट में काफी इंजरी है। फिलहाल पीड़िता डॉक्टरों की निगरानी में है और उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपी जुनैद से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने अन्य आरोपियों की भी पहचान कर ली है और उन्हें पकड़ने के लिए सर्च अभियान चलाए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि वह जल्द ही सभी आरोपियों को पकड़ कर कोर्ट के सामने पेश करेगी।