राष्ट्रीय

काले जादू के शक में हत्या, 73 साल की महिला को डायन बताकर उतारा मौत के घाट

सिमडेगा जिले के ओरगा थाना क्षेत्र में एक 73 महिला की हत्या कर दी गई है। पुलिस ने महिला की हत्या के आरोप में उसके पड़ोसी को गिरफ्तार किया है। पड़ोसी ने महिला को डायन बता कुल्हाड़ी से उसकी हत्या कर दी थी।
2 min read
Jan 21, 2026
Crime News
Crime (प्रतीकात्मक तस्वीर)

झारखंड के सिमडेगा जिले में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक 73 साल की बुजुर्ग महिला की उसके पड़ोसी ने बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पड़ोसी ने महिला पर टोना-टोटका करने का आरोप लगाया था और इसी के चलते उसने कुल्हाड़ी से महिला पर हमला कर दिया। पुलिस ने मामले पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

कुल्हाड़ी से बुजुर्ग महिला पर किया हमला

यह मामला ओरगा थाना क्षेत्र के सरुबहार गांव का बताया जा रहा है। मृतका महिला की पहचान प्रेमदानी कंडुलना के रूप में हुई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कंडुलना की हत्या सोमवार को की गई है। मृतका के पड़ोसी ने कुल्हाड़ी से बुजुर्ग महिला पर हमला कर दिया जिसके चलते मौके पर ही महिला की मौत हो गई। महिला की हत्या कर आरोपी मौके से फरार हो गया। बाद में पड़ोसियों ने पुलिस को मामले की जानकारी दी।

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और उन्होंने बुजुर्ग महिला के शव को कब्जे में लिया। ओरगा थाना प्रभारी साजल धाम ने बताया कि आरोपी पड़ोसी को महिला पर टोना-टोटका करने का शक था और वह उसे डायन बताता था। इसी अंधविश्वास के चलते आरोपी ने महिला की हत्या कर दी। पुलिस ने मामले में तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी की तलाश शुरू की और उसे गिरफ्तार कर लिया। साथ ही पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी को भी अपने कब्जे में ले लिया।

गांव वालों में आक्रोश

इस घटना के बाद आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई है और लोगों में डर का माहौल है। गांव वाले इस घटना से काफी आक्रोश में हैं और पुलिस से इस मामले में सख्त कार्रवाई करने की मांग कर रहे हैं। गांव के लोगों ने प्रशासन से इस तरह के मुद्दों को लेकर गांव में जागरूकता अभियान चलाने की अपील की है ताकि इस तरह अंधविश्वास के चलते किसी की जान न जाए।

Updated on:
21 Jan 2026 04:04 pm
Published on:
21 Jan 2026 03:50 pm
Also Read
View All