राष्ट्रीय

समोसे की दुकान पर हुई लड़ाई, ग्राहक ने गुस्से में काट खाई दुकानदार की ऊंगलिया

मुंबई के मलाड में बिल विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जहां एक ग्राहक ने दुकानदार की उंगली काट दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है।
2 min read
Mar 31, 2026
customer bite shopkeeper fingers
लड़ाई के बाद ग्राहक ने काटी दुकानदार की उंगलियां (फोटो- आईएएनएस)

मुंबई के मलाड ईस्ट इलाके में एक मामूली विवाद ने अचानक खौफनाक रूप ले लिया। आमतौर पर खाने-पीने की दुकानों पर छोटे-मोटे झगड़े होते रहते हैं, लेकिन यह घटना बेहद चौंकाने वाली साबित हुई। यहां समोसा और कटलेट खाने आए ग्राहक ने दुकानदार पर हमला कर दिया और उसकी उंगलियां काट खाई, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।

पैसे देने के बाद अचानक नाराज हुआ ग्राहक

घटना मंगलवार शाम करीब 8:30 बजे शिवाजी चौक स्थित सहारा वड़ा पाव दुकान पर हुई। दुकानदार रंजीत हरिवंश सिंह के अनुसार, ग्राहक ने खाना खाने के बाद भुगतान कर दिया था, लेकिन फिर भी वह किसी बात को लेकर नाराज हो गया। दुकानदार के बेटे आर्यन ने जब ग्राहक से भुगतान के बारे में पूछा, तो उसने मोबाइल एप के जरिए ऑनलाइन पेमेंट कर दिया। इसके बावजूद वह अचानक गुस्से में आ गया और दुकान पर मौजूद कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज करने लगा। देखते ही देखते माहौल तेजी तनावपूर्ण हो गया और ग्राहक ने दुकानदार पर हमला कर दिया।

दाहिने हाथ की मध्य उंगली का ऊपरी हिस्सा अलग हुआ

रंजीत सिंह ने बीच-बचाव करते हुए ग्राहक को शांत रहने और दुकान छोड़ने को कहा, तब स्थिति और बिगड़ गई। आरोपी ने नियंत्रण खोते हुए अचानक हमला कर दिया और हाथापाई शुरू कर दी। झगड़े के दौरान आरोपी ने रंजीत के दाहिने हाथ को पकड़कर इतनी जोर से काटा कि उनकी मध्य उंगली का ऊपरी हिस्सा अलग हो गया। इतना ही नहीं, उसने बाएं हाथ की दो उंगलियों को भी गंभीर रूप से घायल कर दिया। चोट लगने के चलते रंजीत का खून बहने लगा और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

पुलिस कर रही मामले की जांच

दुकान के कर्मचारियों और रंजीत के बेटे ने मिलकर किसी तरह आरोपी को काबू में किया। घायल रंजीत को तुरंत परेल स्थित केईएम अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार चोट काफी गंभीर है और उन्हें निगरानी में रखा गया है। मुबई पुलिस ने आरोपी लक्ष्मीधर मंगल मलिक को मौके से गिरफ्तार कर लिया है। दिंडोशी पुलिस स्टेशन में उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी के व्यवहार के पीछे कोई अन्य कारण तो नहीं था।

Updated on:
31 Mar 2026 02:17 pm
Published on:
31 Mar 2026 02:17 pm