राष्ट्रीय

गांव-गांव घूम लोगों का इलाज करने वाले डॉक्टर की बेरहमी से हत्या, बदमाशों ने ताबतोड़ चलाई गोलियां

समस्तीपुर में मरीजों का इलाज करके घर लौट रहे एक डॉक्टर पर बाइक सवार बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग की। इस दौरान डॉक्टर के सिर में तीन गोली लगी जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
2 min read
Jan 20, 2026
Bihar Crime
समस्तीपुर में डॉक्टर की हत्या (प्रतीकात्मक तस्वीर)

बिहार के समस्तीपुर में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां अज्ञात बदमाशों द्वारा एक डॉक्टर की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। यह मामला बिथान थाना क्षेत्र के सोहमा गांव का बताया जा रहा है। मृतक डॉक्टर की पहचान 40 वर्षीय ललित कुमार साहू के रूप में हुई है। ललित सोमवार रात मरीजों का इलाज करके लौट रहा था, तभी उसके घर के पास घात लगाए बैठे बदमाशों ने उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दी। इस घटना में ललित की मौके पर ही मौत हो गई।

बदमाशों ने की 15 राउंड फायरिंग

जानकारी के मुताबिक, ललित गांव-गांव घूमकर लोगों का इलाज किया करते थे। सोमवार रात जब वह अपने घर लौटे तो घर के पास वाले बांध के पास ही दो बाइक सवार घात लगाकर बैठे थे। डॉक्टर के वहां पहुंचने पर बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और फिर उनके बीच कहासुनी होने लगी। इतने में ही एक बदमाश ने बंदूक निकाली और डॉक्टर पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस के मुताबिक बदमाशों ने इस दौरान 15 राउंड से ज्यादा फायरिंग की।

ललित के सिर में लगी तीन गोली

इनमें से तीन गोलियां ललित के सिर में लगी और वह वहीं गिर गए। ललित के गिरते ही बदमाश मौके से फरार हो गए। इतनी ही देर में गांव के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए और पुलिस को मामले की जानकारी दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ललित को अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस को घटनास्थल से 7 खोखा बरामद हुए हैं जिन्हें कब्जे में ले लिया गया है।

पुलिस कर रही आरोपियों की तलाश

घटना के बाद से पूरे गांव में मातम छा गया है। लोग डॉक्टर ललित की हत्या से सदमे में हैं और प्रशासन की लापरवाही पर सवाल उठ रहे हैं। पुलिस ने इस मामले में प्रतिक्रिया देते हुए बताया कि मामले की पुरानी रंजिश, पेशे से जुड़े विवाद और अफेयर के एंगल से जांच की जा रही है। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की तलाश शुरू कर दी है। आरोपियों की तलाश के लिए सीसीटीवी के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि वह आरोपियों को जल्द ही पकड़ लेगी।

Updated on:
20 Jan 2026 10:53 am
Published on:
20 Jan 2026 10:10 am