राष्ट्रीय

दोस्त के फोन में मिली बहन की न्यूड तस्वीरें, 2 साल तक प्लानिंग की और फिर बेरहमी से कर दी हत्या

गुरुग्राम में एक शख्स ने अपने दोस्त की बेरहमी से हत्या कर दी। मृतक का आरोपी की बहन के साथ अफेयर था और इसी बात से नाराज होकर उसने अपने दोस्त की हत्या कर दी।

2 min read
Feb 05, 2026
Feature image

हरियाणा के गुरुग्राम में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक दोस्त ने बेरहमी से अपने दोस्त की हत्या कर दी है। मृतक की पहचान सुहेब के रूप में हुई है और वह आरोपी जिशान के साथ दो साल पहले दुबई में काम करता था। सुहेब का जिशान की बहन के साथ अफेयर था और काम करने के दौरान जिशान ने उसके फोन में अपनी बहन की अश्लील तस्वीरें देख ली थी। इसी के बाद जिशान ने सुहेब की हत्या की साजिश रचना शुरू कर दिया था।

दुबई में ही बना ली थी हत्या की योजना

जानकारी के अनुसार जिशान ने दुबई में ही सुहेब की हत्या की साजिश रचना शुरू कर दी थी लेकिन मौका नहीं मिल पाने के कारण वह ऐसा नहीं कर पाया। इसके बाद वे दोनों भारत लौट गए। भारत लौटने के बाद सुहेब ने जिशान से कहा कि वह उसकी बहन से शादी करना चाहता है लेकिन जिशान इसके लिए तैयार नहीं हुआ। जब जिशान ने सुहेब से उसकी बहन के साथ अफेयर के बारे में सवाल किए लेकिन सुहेब ने अफेयर की बात से इनकार कर दिया।

पहले खूब शराब पिलाई फिर गला घोंटकर ली जान

इसके बाद जिशान ने सुहेब की हत्या की साजिश रची। 23 जनवरी को नौकरी दिलाने का लालच देकर जिशान ने सुहेब को गुरुग्राम बुलाया। 24 जनवरी तक सुहेब जिशान के साथ ही रुका और 24 की रात को दोनों ने पार्टी का प्लान बनाया। पार्टी के दौरान दोनों ने जमकर शराब पी और फिर जब सुहेब पूरी तरह से नशे में हो गया तो जिशान ने बिजली के तार से उसका गला घोंटकर उसकी जान ले ली। सुहेब की हत्या के बाद जिशान ने उसके शव को एक कंबल में लपेटकर राजेंद्र पार्क इलाके में प्रकाशपुरी के गंदे नाले में फेंक दिया।

पुलिस पूछताछ में कबूल किया गुनाह

सुहेब के शव को ठिकाने लगाने के लिए जिशान ने अपने दोस्त अतुल और दिव्यम की मदद ली थी। हत्या के बाद पुलिस से बचने के लिए जिशान खुद अपने पिता के साथ थाने गया और सुहेब की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। लेकिन पुलिस पूछताछ के दौरान जिशान के बार-बार बयान बदलने पर पुलिस को शक हुआ। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की, तो उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया। पुलिस ने मामले पर बयान देते हुए कहा कि तीनों आरोपियों को पकड़ लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।

Published on:
05 Feb 2026 12:23 pm