राष्ट्रीय

शादीशुदा महिला ने ठुकराया प्रपोजल, सिरफिरे ने क्लब में सरेआम मारी गोली

गुरुग्राम में हाल ही में शादी का प्रस्ताव ठुकराने पर एक महिला को गोली मार दी गई थी। पुलिस ने इस मामले पर कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी और उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया है।
2 min read
Dec 26, 2025
crime news
आरोपी तुषार और शुभम (फोटो- पत्रिका ग्राफिक्स)

हरियाणा के गुरुग्राम में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां शादी का प्रस्ताव ठुकराने पर एक सिरफिरे आशिक ने एक महिला को गोली मार दी। यह घटना 19 दिसंबर देर रात एमजी रोड स्थित एक क्लब में हुई थी। महिला की पहचान 25 वर्षीय कल्पना के रूप में हुई है। कल्पना पहले से शादीशुदा है और क्लब में डांसर का काम करती है। पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।

महिला के पति ने दर्ज कराई शिकायत

पुलिस ने बताया कि उन्हें 20 दिसंबर तड़के सुबह क्लब में एक महिला को गोली मारे जाने की जानकारी मिली थी। जानकारी मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची जहां महिला को घटना के बाद भर्ती कराया गया था। महिला की हालत इतनी खराब थी कि वह पुलिस को अपना बयान देने की स्थिति में भी नहीं थी। कल्पना के पति ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी जिसके आधार पर जांच शुरू की गई।

दिल्ली के रहने वाले तुषार ने मारी गोली

कल्पना के पति ने पुलिस को बताया कि दिल्ली के संगम विहार के रहने वाले तुषार नामक एक शख्स ने अपने एक साथी के साथ मिलकर इस घटना को अंजाम दिया है। उसने पुलिस से कहा कि कल्पना 19 दिसंबर को काम पर गई थी और फिर देर रात करीब 1 बजे उसने मुझे फोन कर कहा कि उसे गोली मार दी गई है। कल्पना के पति ने पुलिस को ये भी बताया कि तुषार ने लगभग एक महीने पहले उनके घर आकर उनसे झगड़ा किया था।

पुलिस ने तुषार और उसके साथी को किया गिरफ्तार

कल्पना के पति की शिकायत के आधार पर सेक्टर 29 थाना पुलिस ने FIR दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी थी। जिसके बाद अब पुलिस ने उत्तर प्रदेश के बड़ौत से तुषार और उसके साथी शुभम को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पूछताछ के दौरान तुषार ने अपना जुर्म कबूल किया। तुषार ने पुलिस को बताया कि करीब छह महीने पहले उसकी दोस्ती कल्पना से हुई थी। तुषार कल्पना से शादी करना चाहता था लेकिन वह बार-बार उसे मना कर रही थी। घटना वाली रात तुषार अपने दोस्त के साथ क्लब में आया और उसने फिर से कल्पना को शादी का प्रस्ताव दिया। कल्पना ने जब तुषार का प्रस्ताव ठुकरा दिया तो उसने उसे गोली मार दी।

Updated on:
26 Dec 2025 10:14 am
Published on:
26 Dec 2025 10:14 am