
Crime News: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पाकिस्तान से जुड़े एक आतंकी-क्राइम मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस नेटवर्क के लोग पाकिस्तान से हथियार और मादक पदार्थ की तस्करी के लिए यूपीआइ से दुबई में बैठे कई लोगों को अलग अलग खातों में पैसे भेजा करते थे। इसी तरह से पैसे भेज कर आरोपियों ने एक लाख रुपए में जिगाना पिस्टल खरीदी थी। पुलिस का दावा है कि ये सभी पाकिस्तान में बैठे गैंगस्टर से आतंकी बने शहजाद भट्टी और उसके सहयोगी अजमल गुज्जर के संपर्क में थे और उन्हीं के इशारे पर पंजाब के रास्ते अवैध हथियार, गोला-बारूद और नशीले पदार्थ मंगवाकर दिल्ली-एनसीआर में सप्लाई करते थे। मामले में पूरे नेटवर्क और कथित साजिश की जांच जारी है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनस त्यागी (26), मोहित उर्फ योगी (26), दीपक अगरोला (38), आरिफ उर्फ प्रधान (30), करणवीर सिंह (26), जतन (29) और साबिर (30) के रूप में हुई है। दिल्ली पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 5 अत्याधुनिक पिस्टल, 41 जिंदा कारतूस, कई मोबाइल फोन और एक स्कॉर्पियो वाहन की बरामदगी की है। बरामद सामग्री की फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है। पुलिस पूरे मॉड्यूल के वित्तीय लेन-देन, विदेशी कनेक्शन और अन्य संभावित सहयोगियों की पहचान करने में जुटी है। मामले में आगे की जांच जारी है।
जांच में सामने आया है कि गिरोह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और एन्क्रिप्टेड मैसेजिंग ऐप्स के जरिए युवाओं से संपर्क करता था। उन्हें जल्दी पैसा कमाने और हथियारों तक पहुंच का लालच देकर नेटवर्क से जोड़ा जाता था, और हथियारों और नशीले पदार्थों की तस्करी समेत अन्य गैरकानूनी गतिविधियों में लगाया जाता था। पुलिस के अनुसार, अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त में भी आरोपियों की भूमिका सामने आई है।
स्पेशल सेल का दावा है कि आरोपियों को दिल्ली-एनसीआर और आसपास के कुछ संवेदनशील स्थानों की रेकी करने के निर्देश दिए गए थे। इस दौरान ली गई तस्वीरें और वीडियो कथित तौर पर पाकिस्तान में बैठे हैंडलर्स को भेजे जाते थे। नेटवर्क का उद्देश्य क्षेत्र में भय का माहौल बनाना और सामाजिक सौहार्द को प्रभावित करना था।