कलबुरगी के एक निजी होम्योपैथी कॉलेज में इंटरनल परीक्षा के दौरान नकल रोकने पर छात्र द्वारा असिस्टेंट प्रोफेसर से कथित मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि यदि लिखित शिकायत मिलती है तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कर्नाटक के कलबुरगी शहर से एक शर्मनाक घटना सामने आई है। यहां एक निजी होम्योपैथी कॉलेज में परीक्षा के दौरान एक छात्र ने कथित तौर पर टीचर के साथ मारपीट की। जानकारी के अनुसार छात्र परीक्षा में मोबाइल फोन का इस्तेमाल करके नकल कर रहा था और जब टीचर ने उसे ऐसा करने से रोका तो उसने गुस्से में आकर टीचर के साथ मारपीट शुरू कर दी । इस घटना का वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, यह घटना होम्योपैथिक मटेरिया मेडिका विषय की इंटरनल परीक्षा के दौरान हुई। परीक्षा कक्ष की निगरानी कर रहे असिस्टेंट प्रोफेसर शिवराज कुमार ने शाहबाज नामक एक छात्र को मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते हुए पकड़ा। प्रोफेसर ने छात्र से इस बारे में सवाल किया और फिर उसकी कॉपी जब्त करके उसे क्लास से बाहर निकलने के लिए कह दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टीचर की इसी बात से नाराज होकर शाहबाज ने उन पर हमला कर दिया। शाहबाज ने टीचर के साथ धक्का मुक्की की और उनकी कॉलर पकड़कर उनके साथ मारपीट भी की। घटना का वीडियो सामने आने के बाद कॉलेज परिसर में तनाव का माहौल बन गया।
कॉलेज प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए छात्र के अभिभावकों को सूचित किया है। प्रारंभिक स्तर पर छात्र को आगामी परीक्षाओं में बैठने की अनुमति नहीं देने का निर्णय लिया गया है। हालांकि अब तक कॉलेज प्रबंधन या पीड़ित प्रोफेसर की ओर से औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि यदि लिखित शिकायत मिलती है तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि हाल ही में कर्नाटक में शिक्षकों पर हमले के कई मामले सामने आ चुके है। अक्टूबर 2025 में चिक्कमगलुरु में एक महिला स्कूल शिक्षिका के साथ घर लौटते समय कथित रूप से मारपीट और दुर्व्यवहार का मामला दर्ज हुआ था। वहीं सितंबर 2025 में कोलार जिले के मलूर तालुक में एक सरकारी स्कूल शिक्षिका से अभिभावक द्वारा कथित धक्का मुक्की की घटना ने भी चिंता बढ़ाई थी।