राष्ट्रीय

36 साल की महिला के 22 साल के युवक से अवैध संबंध, पति की हत्या कर हार्ट अटैक दिखाने की रची साजिश

घर के पास काम करने वाले एक मजदूर के साथ अवैध संबंधों के चलते एक महिला ने अपने पति की हत्या की साजिश रच डाली। महिला ने अपने प्रेमी और एक अन्य व्यक्ति के साथ मिलकर पति की गला घोंटकर हत्या कर दी।
2 min read
Dec 23, 2025
Crime News
प्रेमी के साथ मिलकर तेलंगाना में महिला ने की पति की हत्या (प्रतीकात्मक तस्वीर)

तेलंगाना के बोडुप्पल में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक 36 वर्षीय महिला ने अपने 22 वर्षीय प्रेमी और एक अन्य व्यक्ति के साथ मिलकर अपने पति की हत्या कर दी। महिला का पति एक प्राइवेट यूनिवर्सिटी में लॉजिस्टिक्स मैनेजर के पद पर कार्यरत था। महिला के घर के पास काम करने वाले एक मजदूर से उसके अवैध संबंध थे। ऐसे में अपने पति को रास्ते से हटाने के लिए महिला ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसका गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।

11 दिसंबर को अपने घर में की पति की हत्या

सोमवार को पुलिस द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, 11 दिसंबर को अपने बोडुप्पल स्थित घर पर महिला ने इस घटना को अंजाम दिया था। राचकोंडा पुलिस कमिश्नरेट ने एक प्रेस रिलीज जारी कर इस पूरे मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने बताया कि इस मामले के तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार, हत्या को छिपाने के लिए महिला ने अपने रिश्तेदारों के सामने झूठ बोला। उसने बताया कि उसके पति की मौत दिल का दौरा पड़ने के चलते हुई है।

हत्या कर पुलिस में दी शिकायत

हत्या को छिपाने के लिए घटना को अंजाम देने के बाद महिला ने मेडीपल्ली पुलिस स्टेशन में एक शिकायत दर्ज कराई। महिला ने शिकायत में बताया कि उसका पति घर के बाथरूम में बेहोश मिला था। इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने एक केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। इस दौरान पुलिस को मृतक के शरीर पर कुछ अजीब और संदेहास्पद चोट के निशान मिले।

चोट के निशान के चलते पुलिस को हुआ संदेह

मृतक के गाल और गर्दन पर भी चोट के निशान थे, जिसे देखकर पुलिस को संदेह हुआ कि यह सामान्य मौत का मामला नहीं है। इसके बाद पुलिस ने हत्या के एंगल से इस मामले की जांच शुरू की और फिर सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी सबूतों के आधार पर पुलिस ने महिला और उसके साथियों को गिरफ्तार कर लिया। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतक को अपनी पत्नी के किसी और के साथ अफेयर का शक होने लगा था। इसी के चलते उसने महिला से सवाल करने शुरू किए और दोनों के बीच तनाव बढ़ने लगा।

हत्या कर मिटाए सबूत

हर दिन के झगड़ों से तंग आकर महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति की हत्या की साजिश रच डाली। घटना वाले दिन जब महिला का पति काम से घर लौटा तो महिला के प्रेमी और उसके एक साथी ने उसे पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट की। फिर महिला ने अपने पति के पैर पकड़े और उसके प्रेमी ने चुन्नी की मदद से उसका गला घोंट दिया। हत्या के बाद आरोपियों ने मृतक के कपड़े बदले और हत्या में इस्तेमाल हुई चीजों को फेंक दिया ताकि पुलिस को कोई सबूत न मिल सके।

Updated on:
23 Dec 2025 12:01 pm
Published on:
23 Dec 2025 12:00 pm