
Cyclone Akvan: भीषण चक्रवाती तूफान 'अकवान' (Akvan) अभी पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी और उसके आसपास के इलाकों में मौजूद है। पिछले छह घंटों से यह 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर दिशा की ओर बढ़ रहा है। फिलहाल इसकी स्थिति 14.9 डिग्री अक्षांश और 85.4 डिग्री पूर्वी देशांतर पर है। यह नरसापुर से लगभग 410 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में और कलिंगपट्टनम से लगभग 400 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिण-पूर्व में स्थित है।
अब इसके उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने और उत्तरी आंध्र प्रदेश, दक्षिणी ओडिशा के तटों तथा यनम की ओर जाने की संभावना है। IMD भुवनेश्वर की निदेशक मनोरमा मोहंती ने बताया कि अगले 24 घंटों के दौरान अत्यधिक भारी बारिश की आशंका को देखते हुए 'रेड अलर्ट' जारी किया गया है।
20 नवंबर की दोपहर तक इसके गोपालपुर के पूर्व में तट को पार करने के आसार हैं। तट को पार करते समय, इसके प्रभाव से 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनकी गति 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक भी पहुंच सकती है।
चक्रवात 'अकवान': इसके उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने और 20 नवंबर की दोपहर तक गोपालपुर के पास, नरसापुर और पुरी के बीच तट को पार करने की प्रबल संभावना है। IMD ने अगले 24 घंटों के दौरान अत्यधिक भारी बारिश की आशंका को देखते हुए 'रेड अलर्ट' जारी किया गया है।
ओडिशा फायर सर्विस के डीजी सुधांशु सारंगी ने कहा कि, 'पूरे राज्य में चक्रवात 'अकवान' का असर महसूस किया जा रहा है। बारिश हो रही है, जबकि हवा की गति अभी तक सामान्य है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान को देखते हुए, हम पूरी तरह तैयार हैं। हमारी सभी 388 टीमें तैयार हैं, जिनमें से 216 टीमों को सक्रिय कर दिया गया है और वे चक्रवात से निपटने के लिए ड्यूटी पर तैनात हैं। हमने 181 नावें तैनात की हैं, ये मोटर वाली इन्फ्लेटेबल (हवा भरकर फुलाई जाने वाली) नावें हैं।
शहरी इलाकों में बिजली कटने की स्थिति के लिए हमारे पास 233 लाइट टावर भी हैं, ताकि बिजली बहाल होने तक अस्थायी रोशनी की व्यवस्था की जा सके… इसके अलावा, अभी स्थिति सामान्य है। हम पूरी तरह तैयार हैं। हम नागरिकों और स्थानीय समुदायों से अपील करते हैं कि वे स्थानीय प्रशासन की सलाह मानें। कृपया सुरक्षित स्थानों या बनाए गए राहत शिविरों में चले जाएं। यह बस दो दिनों की बात है, जिसके बाद आप वापस अपने घर लौट सकते हैं। जीवन बहुत कीमती है। किसी भी आपात स्थिति में, कृपया हमसे संपर्क करें। हम पूरी तरह सक्रिय हैं और हमारा कमांड सेंटर हर अनुरोध पर व्यक्तिगत रूप से नजर रखेगा। लोग हमें 112 नंबर पर कॉल कर सकते हैं, और हम स्थिति पर नजर रखेंगे।