
Digital Fraud Protection: क्या ऑनलाइन खाना मंगाते, मूवी टिकट बुक करते या फ्लाइट टिकट लेते समय आपने ध्यान दिया है कि चेकआउट के समय आपका बिल अचानक बढ़ जाता है। कभी प्लेटफॉर्म फीस, कभी हैंडलिंग चार्ज, तो कभी आपकी बिना मर्जी के जुड़ा डोनेशन या बीमा। इसे ही डिजिटल दुनिया में 'डार्क पैटर्न' कहा जाता है। यह वेबसाइट्स और मोबाइल ऐप्स का एक ऐसा चालाक डिजाइन है, जिसमें फंसाकर कंपनियां ग्राहकों की जेब ढीली कर लेती हैं। हाल ही में सेंट्रल कंज्यूमर प्रोटेक्शन अथॉरिटी (CCPA) ने इस तरह की डिजिटल चालाकी पर कड़ा रुख अपनाते हुए जेप्टो और इंडिगो समेत 9 बड़े डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर कार्रवाई की है।
डार्क पैटर्न किसी ऐप या वेबसाइट का ऐसा चालाकी भरा डिजाइन होता है, जो यूजर को न चाहते हुए भी अतिरिक्त सामान खरीदने, ज्यादा पैसे चुकाने, जबरन सब्सक्रिप्शन लेने या अपनी निजी जानकारी साझा करने पर मजबूर कर देता है। यूजर को लगता है कि वह सामान्य खरीदारी कर रहा है, लेकिन स्क्रीन के पीछे छुपा यह डिजाइन उसका बिल चुपचाप बढ़ा देता है।
अगर आपके साथ भी हो चालाकी, तो यहां करें शिकायत
यदि कोई ऐप या वेबसाइट आपको डार्क पैटर्न के जरिए चूना लगाती है, तो आप राष्ट्रीय उपभोक्ता हेल्पलाइन (National Consumer Helpline) पर तुरंत शिकायत दर्ज करा सकते हैं। टोल-फ्री नंबर 1915 पर कॉल करें या फिर व्हाट्सएप/एसएमएस कर इस नंबर पर 8800001915 मैसेज भेजकर अपनी शिकायत दर्ज कराएं।