राष्ट्रीय

तेजस्वी को सीएम फेस घोषित करने का दिवाली से है कनेक्शन, जानें इसके पीछे की पूरी कहानी

बिहार में दो चरणों में मतदान होगा। पहले चरण के लिए 6 नवंबर और दूसरे चरण के लिए 11 नवंबर को वोटिंग होगी। महागठबंधन ने तेजस्वी यादव को सीएम फेस घोषित किया है।
2 min read
Oct 23, 2025
Feature image
महागठबंधन के सीएम फेस होंगे तेजस्वी यादव (Photo-IANS)

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए लोगों का जिसका इंतजार था, उसका गुरुवार को कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने ऐलान कर दिया। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने बिहार में तेजस्वी यादव को महागठबंधन का सीएम फेस और मुकेश सहनी को डिप्टी सीएम फेस घोषित किया है। इसके अलावा उन्होंने एनडीए से भी मांग कर दी वे भी अपना सीएम फेस घोषित कर दें। इससे पहले तेजस्वी यादव को सीएम फेस घोषित करने के सवालों पर कांग्रेस नेताओं ने कुछ स्पष्ट नहीं किया था। लेकिन अशोक गहलोत ने यह सब कुछ स्पष्ट कर दिया और जनता के बीच महागठबंधन के एकजुट होने का भी संदेश दे दिया।

क्या है दिवाली कनेक्शन

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक दिवाली पर बिहार कांग्रेस पर्यवेक्षक और राजस्थान के पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने राजद नेता तेजस्वी यादव को फोन किया था। दरअसल, कांग्रेस और राजद के बीच चुनाव में सीट शेयरिंग पर सहमति नहीं बनने के बाद कई दिनों से बातचीत नहीं हो रही थी, लेकिन अशोक गहलोत के एक फोन ने दोनों पार्टियों के बीच दूरी कम कर दी। 

क्या हुई बातचीत

दोनों नेताओं ने एक-दूसरे को दिवाली की शुभकामनाएं दी और इसके बाद तेजस्वी ने गहलोत को अपने पिता लालू प्रसाद यादव से पटना में मिलने का गहलोत को न्योता दिया। दो दिन बाद अशोक गहलोत पटना पहुंचे और 22 अक्टूबर को लालू और उनके परिवार से मुलाकात की। 

‘गठबंधन में सब ठीक’

बता दें कि लालू परिवार से मिलने के बाद कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने कहा कि उनसे हमारी बातचीत अच्छी रही। गठबंधन में सब ठीक है। साथ ही गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस की भी बात कही थी। 

गहलोत ने एकजुटता का दिया संदेश

गुरुवार को पटना में महागठबंधन की प्रेस कॉन्फ्रेंस हुई। इस दौरान तेजस्वी यादव और मुकेश सहनी, बिहार कांग्रेस प्रभारी कृष्णा अल्लावरु, बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी (बीपीसीसी) के अध्यक्ष राजेश राम और वामपंथी दलों के प्रतिनिधि सहित अन्य नेता मौजूद थे। महागठबंधन के सभी नेताओं को एक मंच पर लाकर प्रदेश की जनता के बीच एकजुटता का भी संदेश दिया गया। 

कौन कितने सीटों पर लड़ रहा चुनाव

बता दें कि बिहार में महागठबंधन ने भले ही सीएम और डिप्टी सीएम फेस का ऐलान कर दिया हो लेकिन सीटों का अभी तक ऐलान नहीं किया। प्रदेश में राजद 143 पर चुनाव लड़ रही है, कांग्रेस 61 सीटों पर, सीपीआई (एमएल)-एल 20 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। इसके अलावा मुकेश सहनी की वीआईपी 15, सीपीआई 9, सीपीएम चार सीट और आईपी गुप्ता की पार्टी 3 सीट पर चुनाव लड़ रही है।

Published on:
23 Oct 2025 09:51 pm