Aali Vihar murder case: दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के आली विहार में एक घर के बेड बॉक्स से 35 वर्षीय महिला और उसकी 6 साल की बेटी के शव मिलने से सनसनी फैल गई। पोस्टमॉर्टम में गला घोंटने और मुंह दबाने से हत्या की पुष्टि हुई है। पुलिस ने महिला के कथित रिश्ते के एंगल पर जांच शुरू कर दी है और नामजद आरोपी फिलहाल फरार है।
Delhi double murder: दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के आली विहार इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां घर के बेड के बॉक्स से 35 वर्षीय महिला और उसकी छह साल की बेटी के शव बरामद हुए। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के अनुसार दोनों की मौत गला घोंटने और मुंह दबाने से हुई है। हालांकि अभी अंतिम रिपोर्ट अभी आना बाकी है।
मृतकों की पहचान ज्योती, जो कि गृहिणी थीं, और उनकी छह वर्षीय बेटी के रूप में हुई है। वहीं पुलिस ने इसी इमारत में रहने वाले 35 वर्षीय अकाउंटेंट दीनदयाल को हत्या के आरोप में नामजद किया है।
शुरुआती जांच में सामने आया है कि ज्योति और आरोपी के बीच कथित तौर पर संबंध थे। पुलिस को शक है कि जब महिला ने यह संबंध खत्म करने की कोशिश की, तो आरोपी ने गुस्से में महिला और उसकी बेटी की हत्या कर दी।
बता दें कि सरिता विहार थाने को शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे भीम कॉलोनी स्थित घर से दो शव मिलने की PCR कॉल मिली। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने महिला और बच्ची के शव बेड के स्टोरेज बॉक्स में छिपे हुए पाए। दोनों को तुरंत एम्स ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, ज्योति के पति सुदर्शन जब काम से घर लौटे तो उन्होंने ही सबसे पहले शव देखे। बेड बॉक्स के अंदर शव रखे थे, लेकिन ढक्कन पूरी तरह बंद नहीं था। प्रारंभिक मेडिकल जांच में शरीर पर कोई बाहरी चोट के निशान नहीं मिले थे, लेकिन शनिवार को हुए पोस्टमॉर्टम में गला घोंटने और मुंह दबाने से मौत की पुष्टि हुई।
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। आरोपी फिलहाल फरार बताया जा रहा है।