
सुंदरपाड़ा इलाके में हुए विस्फोट का वीडियो हुआ वायरल (Photo-X)
Sundarpada Explosion: भुवनेश्वर के सुंदरपाड़ा इलाके में 27 जनवरी को हुए विस्फोट का CCTV फुटेज सामने आया है। इस हादसे में चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे, जिनमें से दो की इलाज के दौरान मौत हो गई। फुटेज में दिख रहा है कि एक रिहायशी इमारत की छत पर लगे पानी के टैंकों के पीछे अचानक आग का तेज गोला उठता है, जिसके बाद घना धुआं आसमान में फैल जाता है। धमाका इतना जोरदार था कि आसपास के इलाकों में तेज झटका महसूस हुआ और दहशत में लोग घरों से बाहर निकल आए।
पुलिस के अनुसार, विस्फोट छत पर विस्फोटक सामग्री संभालने के दौरान हुआ। घायल चारों लोगों को पहले कैपिटल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, बाद में निजी अस्पताल में शिफ्ट किया गया। इलाज के दौरान महिला और उसके बेटे की मौत हो गई।
भुवनेश्वर के डीसीपी जगमोहन मीणा ने बताया कि मामले में शहनवाज मलिक मुख्य आरोपी है। जांच में अवैध बम निर्माण की आशंका जताई जा रही है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शहनवाज मलिक अपने सहयोगियों के साथ घर में विस्फोटक उपकरण बना रहा था। घटनास्थल से बारूद भी बरामद हुआ है, जिससे बम बनाने के शक को बल मिला है।
डीसीपी ने कहा कि मुख्य घायल व्यक्ति का आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है और संभवतः किसी आपराधिक गतिविधि के लिए बम तैयार किया जा रहा था। पुलिस इलाके में छापेमारी कर अन्य विस्फोटकों की तलाश कर रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने जांच अपने हाथ में ले ली है। इससे पहले स्थानीय पुलिस ने एक विशेष जांच दल (SIT) गठित किया था।
अधिकारियों के मुताबिक, CCTV फुटेज और फॉरेंसिक साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया जा रहा है ताकि विस्फोट के सटीक कारण और किसी बड़ी साजिश की संभावना का पता लगाया जा सके। जांच जारी रहने तक सुंदरपाड़ा इलाके में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।
Updated on:
16 Feb 2026 11:57 am
Published on:
16 Feb 2026 11:57 am
