
Delhi Air Pollution: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की हवा गुरुवार को अचानक और जहरीली हो गई है। शहर में PM2.5 का स्तर महज 24 घंटे में दोगुने से भी अधिक बढ़कर शाम 6 बजे तक 244 माइक्रोग्राम प्रतिघन मीटर पहुंच गया है। दरअसल, यह राष्ट्रीय मानक से करीब चार गुना अधिक है। राजधानी में दिनभर धुएं और धुंध की मोटी परत छाई रही, जिसके कारण प्रदूषण को फैलने और कम होने का मौका ही नहीं मिला। इसके अलावा गर्म, नम और बेहद धीमी हवा ने हालात और बिगाड़ दिए।
हिंदुस्तान टाइम्स ने अपनी एक रिपोर्ट में सरकारी प्रदूषण और मौसम संबंधी आंकड़ों के विश्लेषण करने के बाद राष्ट्रीय राजधानी में प्रदूषण की दो वजह बताई है। पहली, प्रदूषण को फैलाकर कम करने वाली वायुमंडलीय परत की ऊंचाई घटकर महज 400 मीटर रह गई, जबकि दो दिन पहले यह करीब 1,400 मीटर थी।
वहीं दूसरी, पंजाब और हरियाणा में पराली जलने से उठने वाला धुआं दिल्ली तक पहुंचाने वाली उत्तर-पश्चिमी हवा एक बार फिर तेज हो गई। ऊपरी वायुमंडल में इसकी रफ्तार 34 किलोमीटर प्रति घंटे दर्ज की गई।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) गुरुवार रात 10 बजे 387 पर पहुंच गया। यह बुधवार की तुलना में 74 अंक अधिक था।
राजधानी में शाम से ही प्रदूषण तेजी से बढ़ रहा था। रात 2 बजे AQI 313 था, जो शाम 6 बजे तक बढ़कर 366 हो गया। यानी हर घंटे औसतन सात से आठ अंकों की वृद्धि दर्ज की गई।
वहीं रात 10 बजे तक दिल्ली के 58 में से 21 वायु गुणवत्ता निगरानी केंद्रों पर AQI 400 के पार पहुंच गया था। यह स्तर 'गंभीर' श्रेणी में आता है। इसके मुकाबले बुधवार शाम केवल एक केंद्र पर प्रदूषण गंभीर श्रेणी में था, जबकि मंगलवार को ऐसा एक भी केंद्र नहीं था।
CPCB के शाम 4 बजे जारी बुलेटिन में दिल्ली का दैनिक AQI 350 दर्ज किया गया, जो 'बेहद खराब' श्रेणी में आता है। बुधवार को यह 313 और मंगलवार को 299 था।
हिंदुस्तान टाइम्स ने अपनी रिपोर्ट में दिल्ली में प्रदूषण बढ़ने की एक वजह पंजाब और हरियाणा में पराली जलने से उठने वाले धुआं को भी बताया है। खेतों से निकलने वाला यह धुआं आमतौर पर जमीन से एक से तीन किलोमीटर की ऊंचाई पर चलने वाली उत्तर-पश्चिमी हवाओं के साथ दिल्ली पहुंचता है।
वहीं मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले कुछ दिनों तक दिल्ली में प्रदूषण से तत्काल राहत मिलने की संभावना कम है। पूर्वानुमान की अवधि में बारिश के आसार नहीं हैं। अगले तीन दिनों तक सुबह और शाम सतही हवाओं की रफ्तार 5 से 10 किलोमीटर प्रति घंटे के बीच रहने की उम्मीद है।
वहीं वायु प्रदूषण के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रभावों के बारे में बात करते हुए, फोर्टिस अस्पताल, वसंत कुंज के इंटरनल मेडिसिन विभाग के निदेशक डॉ. मनोज शर्मा ने चेतावनी दी है कि वायु प्रदूषण पहले से मौजूद हृदय, गुर्दे (किडनी) और फेफड़ों से जुड़ी बीमारियों को और गंभीर बना सकता है। यदि समय पर इनका इलाज न किया जाए, तो इससे गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं पैदा हो सकती हैं।
उन्होंने बताया कि बच्चे वायु प्रदूषण के प्रति अधिक संवेदनशील होते हैं, क्योंकि उनके फेफड़े और रोग प्रतिरोधक क्षमता (इम्यून सिस्टम) अभी विकसित हो रहे होते हैं। इस कारण उनमें सांस संबंधी संक्रमण, ब्रोंकाइटिस और निमोनिया होने का खतरा अधिक रहता है।
डॉ. शर्मा ने सलाह दी है कि प्रदूषित इलाकों में बाहर निकलते समय लोगों को N95 मास्क पहनना चाहिए। हालांकि, उन्होंने यह भी सावधान किया है कि मास्क पहनकर व्यायाम नहीं करना चाहिए।