
Air Pollution: दिल्ली में इन दिनों बढ़ता वायु प्रदूषण अब खतरनाक स्थिति पर पहुंच चुका हैं। ऐसे में इसका बुरा असर बच्चों, बुजुर्गों और व्यस्कों सभी पर पड़ता है। लेकिन बाल रोग विशेषज्ञ के मुताबिक, बच्चों पर प्रदूषण का दुष्प्रभाव बड़ो की तुलना में ज्यादा गंभीर समस्या पैदा करता है। इसकी सबसे बड़ी वजह उनका शरीर बड़े लोगों की तुलना में छोटा होना है।
सर गंगाराम अस्पताल के बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. धीरन गुप्ता ने बताया कि प्रदूषण के महीन कण बच्चों के शरीर में पहुंचकर उनके फेफड़ों और दिमाग को प्रभावित कर सकते हैं। इसका असर आने वाले कई वर्षों तक बना रह सकता है।
डॉक्टर के मुताबिक, बच्चों की लंबाई और शरीर का आकार बड़ों से छोटा होता है। इसके बावजूद उनके सांस लेने की गति शरीर के आकार के अनुपात में ज्यादा होती है। इस कारण उनते शरीर में बड़ों की तुलना में अधिक प्रदूषित हवा अंदर जाती है। इससे हवा में मौजूद जहरीले कण उनके शरीर में ज्यादा मात्रा में पहुंचते हैं। ये कण खून में मिलकर शरीर के अलग-अलग अंगों तक पहुंचते हैं। लंबे समय तक इनका संपर्क रहने से बच्चों के विकसित होते फेफड़ों और दिमाग पर बुरा असर पड़ सकता है।
डॉक्टर ने समझाया कि अगर एक साल के बच्चे की जीवन प्रत्याशा 80 से 90 साल है, तो उसके शरीर में पहुंचे और जमा हुए प्रदूषण के कण लंबे समय तक बीमारियों की वजह बन सकते हैं। वहीं, 50 साल के व्यक्ति के मामले में इनका असर उसकी बची हुई जिंदगी के करीब 30 वर्षों तक हो सकता है। यानी कम उम्र में प्रदूषण के संपर्क में आने का नुकसान लंबे समय तक झेलना पड़ सकता है।
गुरुवार को सुबह हवा की गुणवत्ता गंभीर श्रेणी में बनी रही। AQI.in के अनुसार, सुबह करीब 11 बजे एयर क्वालिटी इंडेक्स 466 तक पहुंच गया था। इससे पता चलता है कि दिल्ली के लोग अभी भी बहुत अधिक प्रदूषित हवा में सांस ले रहे हैं। ऐसे में भले ही दीवाली पर पटाखों ने प्रदूषण की समस्या को बढ़ा दिया हो। लेकिन अब भी स्थानीय उत्सर्जन जैसे कि वाहनों, उद्योगों, घरेलू ईंधन से निकलने वाला धुंआ, सड़कों व निर्माण कार्यों से उड़ने वाली धूल और खेतों में पराली जलाने से निकलने वाला धुआं ये सभी प्रदूषण के अहम कारण हैं।