राष्ट्रीय

Delhi Election 2025: दिल्ली के लोगों के लिए कांग्रेस ने दी तीन और गारंटी, 500 रुपये में सिलेंडर और 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने का किया दावा

Delhi Election 2025: दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने जनता को तीन और गारंटी दी है। कांग्रेस ने अब तक दिल्ली में 5 गारंटियों का ऐलान किया है।
2 min read
• •
Updated: 16 Jan 2025, 4:29 PM IST
Congress gave three guarantees in Delhi
Congress gave three guarantees in Delhi

Delhi Election 2025: दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर कांग्रेस ने गुरुवार को तीन और गारंटियों का ऐलान किया है। कांग्रेस ने कहा कि अगर वह सत्ता में आती है तो दिल्ली की जनता को हम महंगाई मुक्ति योजना के तहत 500 रुपये में गैस सिलेंडर और राशन किट फ्री में देंगे। इस राशन किट में 2 किलो चीनी, 1 लीटर तेल, 6 किलो दाल और 250 ग्राम चाय पत्ती मिलेगी। इसके अलावा फ्री बिजली योजना के तहत 300 यूनिट फ्री बिजली देने का वादा किया है। तेलंगाना के सीएम रेवंत रेड्डी, दिल्ली प्रभारी काजी निजामुद्दीन और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए यह घोषणा की। 

‘हम अपने वादे निभाएंगे’

तेलंगाना सीएम रेवंत रेड्डी ने कहा कि दिल्ली में कांग्रेस की सरकार बनाइए। हम अपने वादे निभाकर दिखाएंगे। यह मैं इसलिए कह रहा हूं कि क्योंकि शीला दीक्षित ने 15 साल में दिल्ली में विकास करके दिखाया है। उन्होंने आगे कहा कि मोदी-केजरीवाल में कोई अंतर नहीं है, क्योंकि दोनों का काम सिर्फ झूठ बोलना है। दिल्ली की जनता ने मोदी और केजरीवाल को कई मौके दिए, लेकिन इन्होंने कोई काम नहीं किया। अगर दिल्ली के हालात सुधारने हैं तो बदलाव लाइए और कांग्रेस पार्टी की सरकार बनाइए। कांग्रेस ने तेलंगाना में वादा निभाया है, दिल्ली में भी निभाएंगे।

दिल्ली के लिए कांग्रेस की गारंटी

दिल्ली की जनता के लिए विधानसभा चुनाव को लेकर अब तक पांच गारंटियों का ऐलान किया है। जो इस प्रकार है…

1- प्यारी दीदी योजना- इस योजना के तहत कांग्रेस ने महिलाओं के लिए हर महीने 2500 रुपये देने का वादा किया है।

2- जीवन रक्षा योजना- कांग्रेस ने इस योजना के तहत दिल्ली के लोगों के लिए 25 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज की घोषणा दी है। कांग्रेस ने कहा कि यह राजस्थान में लागू की गई चिरंजीवी योजना की तरह होगी।

3- युवा उड़ान योजना- पार्टी ने इस योजना के तहत युवाओं को 8500 रुपये हर महीने देने का वादा किया है। इसके अलावा युवाओं को एक साल की अप्रेंटिसशिप का भी ऐलान किया है।

4- महंगाई मुक्ति योजना- कांग्रेस ने दिल्ली की जनता के लिए महंगाई मुक्ति योजना की भी गारंटी दी है। इस योजना के तहत 500 रुपये में गैस सिलेंडर और मुफ्त राशन किट देने का वादा किया है।

5- फ्री बिजली योजना- दिल्ली की जनता के लिए फ्री बिजली योजना के तहत कांग्रेस ने 300 यूनिट बिजली फ्री देने की गारंटी दी है। 

कांग्रेस ने सभी सीटों पर उतारे प्रत्याशी

दिल्ली की सभी 70 सीटों पर 5 फरवरी को मतदान होगा और 8 फरवरी को नतीजे घोषित होंगे। कांग्रेस ने सभी 70 सीटों पर अपने प्रत्याशियों का ऐलान कर दिया है। बता दें कि पिछले दो विधानसभा चुनाव 2015 और 2020 में कांग्रेस का खाता नहीं खुला था। लेकिन इस बार कांग्रेस पार्टी दिल्ली वालों को शीला दीक्षित के कामों को याद दिलाकर अपनी खोई सियासी जमीन को वापस पाने का प्रयास कर रही है। वहीं दिल्ली चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी को लगा बड़ा झटका, देखें वीडियो...

Updated on:
16 Jan 2025, 4:29 PM IST
Published on: