राष्ट्रीय

जामा मस्जिद थाना चाकूबाजी मामले में पुलिस का बयान आया सामने, फायरिंग में आरोपी के पैर में लगीं 6 गोलियां

Delhi Crime News: दिल्ली के जामा मस्जिद थाने में मां-बेटी की शिकायत पर बुलाए गए नबील ने SI पर चाकू से हमला कर दिया। कुल 9 पुलिसकर्मियों को घायल करने वाले आरोपी पर पुलिस ने 8 गोलियां चलाई जिसमें से उसे 6 गोली लगी।
2 min read
• •
Updated: 23 Nov 2026, 8:00 PM IST
Delhi Police Crime news
आरोपी नबील और मामले की जानकारी देती पुलिस (फोटो-ANI)

Jama Masjid Police Station: दिल्ली के जामा मस्जिद थाने में पुलिसकर्मियों पर चाकू से हमला करने वाले आरोपी को पकड़ने के बाद पुलिस ने पूरे मामले की जानकारी दी है। पुलिस ने बताया कि एक मां बेटी की शिकायत पर आरोपी को पूछताछ के लिए पुलिस स्टेशन बुलाया गया था। जहां उसने पुलिसकर्मियों पर चाकू से हमला कर दिया और फरार हो गया। इसके बाद पुलिस जब उसकी तलाश में जुटी तो एक बार फिर से आमना-सामना होने पर उसने पुलिसकर्मियों पर वार किया। पुलिस ने उसे काबू करने के लिए 8 राउंड फायरिंग की जिसमें से उसे 6 गोलियां लगी।

मां और बहन ने दर्ज कराई शिकायत

पुलिस ने बताया कि दोपहर करीब दो बजे जामा मस्जिद थाने में कला महल निवासी नबील (उम्र लगभग 30 वर्ष) की शिकायत दर्ज कराने एक मां और बेटी आए। पुलिस ने काउंसलिंग के लिए उसे थाने बुलाया गया था। लेकिन पुलिसकर्मियों से बातचीत के दौरान आरोपी ने अचानक चाकू निकाला और थाने के अंदर मौजूद पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया, जिससे उनके चेहरे और गर्दन पर चोटें आईं।

हमले में घायल हुए पांच पुलिसकर्मी

इस हमले में सब-इंस्पेक्टर अजय, सब-इंस्पेक्टर अरविंद और हेड कांस्टेबल हरेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि एएसआई श्रीकृष्ण और हेड कांस्टेबल बलजीत को भी चोटें आईं। सभी पांचों घायल पुलिसकर्मियों को इलाज के लिए सर गंगा राम अस्पताल में भर्ती कराया गया। हमले के बाद आरोपी थाने से फरार हो गया और भागने के लिए उसने एक आम नागरिक से बाइक को छिन लिया।

चार पुलिसकर्मियों को दोबारा किया घायल

फरार आरोपी को पकड़ने के लिए एएटीएस और स्पेशल स्टाफ की संयुक्त टीम ने उसे ट्रैक किया और चांदनी महल थाने के अधिकार क्षेत्र में आने वाले चितली कब्र के पास उसे देख लिया। शाम करीब 4:30 बजे जब पुलिस टीम ने उसे पकड़ने की कोशिश की, तो आरोपी ने फिर से पुलिसकर्मियों पर फिर से चाकू से हमला कर दिया, जिसमें स्पेशल स्टाफ के चार सदस्य कांस्टेबल अंकित, कांस्टेबल जयंत, कांस्टेबल लोकेश और कांस्टेबल परमिंदर घायल हो गए। घायल पुलिसकर्मियों को इलाज के लिए एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

आरोपी पर चलानी पड़ी 8 गोलियां

इस गंभीर स्थिति को देखते हुए पुलिस को आरोपी पर गोलियां चलानी पड़ी। नियंत्रित गोलीबारी के जरिए आरोपी पर 8 गोलियां चलाई गई, जिसमें से उसे 6 गोलियां लगी। पुलिस के मुताबिक, सभी गोलियां कमर के नीचे मारी गईं। कुल आठ राउंड गोलियों में से छह आरोपी के पैरों में लगीं। इसके बाद घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।

पुलिस जांच में पता चला है कि आरोपी का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ 2022 में दरियागंज थाने में आईपीसी की धारा 324 के तहत मामला दर्ज किया गया था। इस घटना के बाद अब जामा मस्जिद थाने और चांदनी महल थाने में कानूनी प्रावधानों के तहत मामले दर्ज किए जा रहे हैं। आगे की जांच जारी है।

Updated on:
23 Nov 2026, 8:00 PM IST
Published on: