
Jantar Mantar Protest : नई दिल्ली। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन के बीच आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह को संसद जाने से रोके जाने पर उन्होंने सड़क पर ही धरना शुरू कर दिया। पुलिस ने उन्हें संसद की ओर जाने से रोक दिया, जिसके बाद संजय सिंह सड़क पर बैठ गए। संजय सिंह ने कहा कि वह सांसद हैं और संसद में वोट चोरी का मुद्दा उठाने के लिए जा रहे थे, लेकिन उन्हें वहां जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है। उन्होंने कहा कि संसद जाना उनका संसदीय दायित्व है और पुलिस उन्हें ऐसा करने से नहीं रोक सकती।
संजय सिंह ने कहा कि मैं सांसद हूं। सांसद होने के नाते मुझे वोट चोरी का मुद्दा संसद में उठाना था, लेकिन मुझे वहां जाने नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए इसे तानाशाही बताया। उन्होंने कहा कि वह अन्य प्रदर्शनकारियों के साथ नहीं जा रहे थे, बल्कि केवल संसद जाने के लिए निकले थे। संजय सिंह ने कहा कि उन्हें अपने संसदीय दायित्व का निर्वहन करने के लिए संसद जाने दिया जाना चाहिए। इस दौरान आम आदमी पार्टी के नेताओं ने 'लोकतंत्र में तानाशाही नहीं चलेगी' जैसे नारे लगाए।
इधर, आम आदमी पार्टी की विधायक और दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी भी पार्टी नेताओं और प्रदर्शनकारियों के साथ जंतर-मंतर की ओर रवाना हुईं। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने 'ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो' के नारे लगाए। प्रदर्शन के दौरान आतिशी भी अन्य प्रदर्शनकारियों के साथ सड़क पर बैठ गईं। जंतर-मंतर पर चुनाव आयोग के खिलाफ विरोध प्रदर्शन जारी रहा।
इससे पहले संजय सिंह ने मौजूदा स्थिति को 'तानाशाही' बताया था। उन्होंने आरोप लगाया कि कई विपक्षी नेताओं के घरों पर पुलिस पहुंची है और सवाल उठाया कि विरोध प्रदर्शन के अधिकार पर प्रतिबंध क्यों लगाए जा रहे हैं।
संजय सिंह ने कहा कि आज महात्मा गांधी की जयंती है, जिन्होंने अहिंसक आंदोलन के जरिए देश को जागरूक करने का काम किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि देशभर में 13 करोड़ 37 लाख वोट हटाए गए हैं और इसके लिए उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि संविधान ने नागरिकों को विरोध और आंदोलन करने का अधिकार दिया है, लेकिन उस अधिकार का इस्तेमाल भी नहीं करने दिया जा रहा है।