राष्ट्रीय

Delhi Fire: ‘आग बढ़ती गई, लोग गद्दे बिछाकर बचाते रहे जानें; तीसरी मंजिल से बच्चे संग कूदी महिला’, चश्मदीद ने बताई पूरी घटना

Delhi Malviya Nagar Fire: दिल्ली के मालवीय नगर में एक रेस्टोरेंट में आग लगने से 21 लोगों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मरने वालों में ज्यादातर विदेशी थे।
2 min read
Jun 03, 2026
delhi malviya nagar fire
दिल्ली में आग लगने से 21 लोगों की मौत (Photo-IANS)

Delhi Fire: दिल्ली के मालवीय नगर में एक रेस्टोरेंट में भीषण आग लग गई। इसमें 21 लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 से ज्यादा घायल हो गए है। बताया जा रहा है कि मौतों का आंकड़ा और भी बढ़ सकता है। आग लगने की जानकारी मिलने के बाद दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव अभियान शुरू कर दिया।

आग लगने की घटना के बाद स्थानीय निवासी शेर खान ने कहा कि मैं सुबह दुकान जा रहा था। शुरुआत में यहां छोटी-सी आग लगी थी, लेकिन धीरे-धीरे वह बढ़ती चली गई। जब आग और भड़क गई तो ऐसा लगने लगा कि यहां से निकलने या कूदकर बचने का कोई रास्ता नहीं है।

शेर खान ने आगे कहा कि लोगों ने नीचे गद्दे बिछा दिए और तीसरी मंजिल से कुछ लोगों ने एक छोटे बच्चे के साथ उन पर छलांग लगाई। एक महिला बता रही थी कि उसके पैर में फ्रैक्चर हो गया है। आम लोगों ने बचाव के लिए काफी कोशिशें कीं। हालांकि, समय बीतने के साथ हालात और गंभीर होते गए।

बीजेपी विधायक ने क्या कहा? 

बीजेपी विधायक सतीश उपाध्याय ने भीषण आग की घटना पर कहा कि अब तक 21 लोगों की मौत हो चुकी है और 47 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। उन्होंने बताया कि यह घटना सुबह 8:51 बजे हुई। हम सुबह 9 बजे से यहां मौजूद हैं। दमकल विभाग और बचाव दल ने बहुत तेजी से कार्रवाई की। पुलिस और स्थानीय लोगों ने भी लोगों को बचाने में मदद की। 

उन्होंने आगे कहा कि अब तक 47 लोगों को सुरक्षित निकाला गया है, जबकि 21 लोगों की जान गई है। आग कैसे लगी, यह जांच का विषय है। यह बेहद दुखद घटना है। सरकारी एजेंसियां अभी भी खोज और बचाव अभियान में जुटी हुई हैं। अगर एजेंसियां समय पर नहीं पहुंचतीं, तो हादसा और भी भयावह हो सकता था। यहां बांग्लादेश और सार्क देशों के कुछ नागरिक भी ठहरे हुए थे, जो इलाज के लिए आए थे और बीएनबी (Bed & Breakfast) में रह रहे थे।

हमने पांच लोगों को कूदते देखा- स्थानीय निवासी

स्थानीय निवासी ओम ने बताया कि करीब साढ़े नौ बजे हमने यहां बहुत भीषण आग लगी हुई देखी। उस समय मैं और मेरा दोस्त स्कूटर पर थे। पूरी इमारत आग की लपटों में घिरी हुई थी और लोग इमारत से इधर-उधर कूद रहे थे। हमने करीब 5 लोगों को कूदते हुए देखा। एक व्यक्ति का पैर भी टूट गया। यहां पूरी सड़क जाम हो गई थी और लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई थी।

फायर अधिकारी ए.के. मलिक ने कहा कि फायर विभाग को सुबह 8:50 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। शुरुआत में सात दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया था। इसके बाद जरूरत के अनुसार और वाहन भी भेजे गए और सभी आवश्यक यूनिट्स घटनास्थल पर पहुंच गईं।

उन्होंने कहा कि हमारी टीम जैसे ही मौके पर पहुंची, उसने तुरंत इमारत से 37 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। यह एक बहुमंजिला इमारत है, जिसमें एक बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर और उसके ऊपर पांच मंजिलें हैं।

मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ के आधार पर हमें जानकारी मिली है कि यह इमारत सामान्य आवासीय परिसर के रूप में इस्तेमाल नहीं होती थी। यहां ठहरे अधिकांश लोग ऐसे थे, जिनके परिचित या परिजन सड़क के दूसरी ओर स्थित मैक्स अस्पताल में इलाज करा रहे थे। इसलिए संभावना है कि वे इसी उद्देश्य से यहां ठहरे हुए थे। आग पर काफी जल्दी काबू पा लिया गया था और इसे तेजी से नियंत्रित कर लिया गया। अब इमारत को पूरी तरह खाली करा लिया गया है। 

Updated on:
03 Jun 2026 01:36 pm
Published on:
03 Jun 2026 01:36 pm