3 जून 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

कोई खिड़की से कूदा, कोई धुएं में खो गया… मालवीय नगर अग्निकांड में 21 जिंदगियां खत्म, क्या हुआ आज सुबह

Delhi Malviya Nagar Fire: देश की राजधानी दिल्ली के मालवीय नगर इलाके से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। दिल्ली पुलिस ने 21 लोगों की मौत की पुष्टि की है।

3 min read
Google source verification
Delhi Malviya Nagar fire

मालवीय नगर अग्निकांड में 21 लोगों की मौत (Photo: IANS)

दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में बुधवार सुबह एक पांच मंजिला इमारत में भीषण आग लगने से कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई है। इस अग्निकांड में मरने वालों की संख्या अभी और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है, क्योंकि बड़ी संख्या में लोग घायल हुए है। वहां मौजूद चश्मदीदों ने इस भयानक हादसे को लेकर जो खौफनाक मंजर बयां किया, वो बेहद डराने वाला है। चश्मदीदों ने बताया कि आग लगने के बाद होटल में धुआं भर गया था, हर तरफ अफरा-तफरी मची थी। होटल के ऊपरी कमरों में मौजूद लोग जांच बचाने के लिए चीख रहे थे, कमरे की खिड़कियों के कांच तोड़कर मदद की गुहार लगा रहे थे। कुछ तो दूसरी-तीसरी मंजिल से नीचे कूद गए और बुरी तरह जख्मी हो गए। उनकी मदद के लिए स्थानीय दुकान से गद्दे लाकर सड़क पर बिछाये गए थे। जिससे कूदने पर कम चोट लगे। कुछ शव इतनी बुरी तरह जल गए थे कि उन्हें पहचानना मुश्किल था।

सुबह 8:50 बजे मिला आग लगने का कॉल

दिल्ली अग्निशमन विभाग (DFS) के अधिकारी ए.के. मलिक के अनुसार, सुबह 8:50 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही सात दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। बाद में जरूरत के अनुसार अतिरिक्त दमकल वाहन भी तैनात किए गए। उन्होंने बताया कि दमकल कर्मियों के पहुंचते ही बचाव अभियान शुरू कर दिया गया और 37 लोगों को इमारत से बाहर निकाला गया। आग पर तेजी से काबू पा लिया गया और अब पूरी इमारत को चेक करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया गया है।

बेसमेंट से ऊपरी मंजिल तक फैली आग

अधिकारियों के मुताबिक, यह इमारत बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर और पांच ऊपरी मंजिलों वाली थी। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि यह कोई सामान्य आवासीय इमारत नहीं थी। यहां अधिकतर वे लोग ठहरे हुए थे, जिनके परिजन इमारत के करीब मैक्स अस्पताल में इलाज करा रहे थे। अग्निशमन विभाग ने यह भी बताया कि इमारत में कुछ विदेशी नागरिक भी मौजूद थे, जिन्हें सुरक्षित निकालने का प्रयास किया गया।

शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका

मालवीय नगर के पूर्व विधायक सोमनाथ भारती ने दावा किया कि आग की शुरुआत सुबह करीब 8 बजे शॉर्ट सर्किट के कारण हुई। उन्होंने बताया कि आग पहले रेस्टोरेंट में फैली और फिर तेजी से पूरी इमारत तथा उससे सटे होटल के ऊपरी हिस्सों तक पहुंच गई।

भारती ने कहा कि धुएं और गैस के कारण कई लोगों की हालत बिगड़ गई। उन्होंने मृतकों के परिजनों को एक-एक करोड़ रुपये का मुआवजा देने और पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की है।

घटनास्थल पर मौजूद आप नेता ने कहा, प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी है। यहां बिजली के तारों का जाल बिछा हुआ है। आग लगने के बाद होटल का एक बड़ा हिस्सा जलकर खाक हो गया। यह एक होटल है, जिसमें लगभग 25 कमरे हैं। इसके सामने मैक्स अस्पताल स्थित है, जहां इलाज के लिए आने वाले मरीजों के परिजन अक्सर ठहरते थे। आग तेजी से फैली और पूरे भवन में फैल गई। जान बचाने के लिए कई लोगों को ऊपरी मंजिलों से कूदकर बाहर निकलना पड़ा। होटल में बड़ी संख्या में विदेशी नागरिक ठहरे हुए थे। सभी वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच चुके हैं। घटना की विस्तृत जांच के बाद ही पूरा मामला सामने आएगा। यह बेहद दुखद और दर्दनाक घटना है।

जान बचाने के लिए लोगों ने इमारत से लगाई छलांग, स्थानीय लोगों ने बिछाए गद्दे

स्थानीय निवासी ओम ने बताया कि सुबह आग बेहद भयावह रूप ले चुकी थी। उन्होंने कहा कि कई लोग जान बचाने के लिए इमारत की खिड़कियों और बालकनियों से नीचे कूद रहे थे। एक व्यक्ति का पैर भी टूट गया। आग के दौरान पूरा रास्ता बंद हो गया था और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई थी।

दक्षिण जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) के एसडीएम जितेंद्र कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही आपदा प्रबंधन सेल सक्रिय कर दी गई थी। जांच में पता चला है कि इमारत के भूतल पर एक रेस्टोरेंट संचालित हो रहा था।

उन्होंने कहा कि आग लगने का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं है। हालांकि, आग से बचने के लिए ऊपरी मंजिलों पर फंसे कई लोगों ने नीचे छलांग लगाई। इस दौरान स्थानीय लोगों ने सड़क पर गद्दे बिछाकर कई लोगों की जान बचाने का प्रयास किया।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने जताया दुख

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि घटना की जानकारी मिलते ही दिल्ली फायर सर्विस, दिल्ली पुलिस, डीडीएमए, कैट्स एम्बुलेंस सेवा और अन्य आपातकालीन एजेंसियों को तत्काल राहत एवं बचाव कार्य में लगाया गया। सरकार प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध करा रही है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

आग लगने के कारणों की जांच शुरू

फिलहाल पुलिस, दमकल विभाग और आपदा प्रबंधन की टीमें आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद यह स्पष्ट हो सकेगा कि हादसा तकनीकी खराबी, सुरक्षा मानकों की अनदेखी या किसी अन्य वजह से हुआ।

बड़ी खबरें

View All

नई दिल्ली

दिल्ली न्यूज़

ट्रेंडिंग