
सांसद राहुल गांधी को पुलिस ने हिरासत में लिया, photo- congress
Rahul Gandhi protest: दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी संगठन के संसद मार्च के दौरान पुलिस की कार्रवाई के खिलाफ लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने आवाज उठाई है। मंगलवार को प्रधानमंत्री आवास के नजदीक धरना प्रदर्शन करने के दौरान राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव और सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा समेत अनेक कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। वहीं
कॉकरोच जनता पार्टी ने राहुल गांधी का आभार जताते हुए कहा कि,कांग्रेस पार्टी और विशेषकर जननायक राहुल गांधी जनता की आवाज को और मजबूत करेंगे। राहुल गांधी ने सत्य और अहिंसा के माध्यम से लोकतांत्रिक ढंग से सड़क पर उतर कर छात्रों की आवाज उठाई है।
राहुल गांधी को पीएम आवास के नजदीक धरनास्थल पर पुलिस ने हिरासत में लिया। उन्होने कहा कि,देश के छात्रों की आवाज को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। देश के युवाओं का भविष्य बर्बाद करने और उनके खिलाफ क्रूरता के लिए पीएम नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना चाहिए।
धरनास्थल पर प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी को कई पुलिसकर्मियों ने घेर लिया और फिर विपक्ष के दूसरे नेताओं के साथ पुलिस की गाड़ी में ले जाया गया। इससे पहले राहुल गांधी ने प्रश्न-पत्र लीक मामले पर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे प्रदर्शनकारियों के साथ राजधानी में पुलिस की कार्रवाई का विरोध करने के लिए अपने धरने में शामिल होने का आह्वान किया था।
पुलिस हिरासत में राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार चाहे जितनी ताकत लगा ले, छात्रों के न्याय की लड़ाई नहीं रुकेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार शिक्षा व्यवस्था को नुकसान पहुंचाने, पेपर लीक की घटनाओं और छात्रों के भविष्य से जुड़े कई मुद्दों पर जवाब देने से बच रही है। लेकिन अब सरकार को जवाब देना होगा।
राहुल गांधी ने कहा कि, छात्रों के विरोध प्रदर्शन पर बर्बरतापूर्ण लाठीचार्ज किया गया, संसद के गेट बंद किए गए और विपक्ष की मांगों पर चर्चा नहीं होने दी गई। उन्होंने कहा कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को हटाने की मांग पर भी सरकार ने कोई कार्रवाई नहीं की।
Updated on:
21 Jul 2026 09:50 pm
Published on:
21 Jul 2026 09:50 pm
