
दिल्ली नगर निगम (MCD Election) के मेयर, डिप्टी मेयर और स्टैंडिंग कमेटी के 6 सदस्यों का चुनाव आज शुक्रवार 6 जनवरी को सिविक सेंटर में सुबह 11 बजे से मतदान होंगे। इस चुनाव प्रक्रिया में जहां भाजपा व आम आदमी पार्टी हिस्सा ले रहीं हैं वहीं कांग्रेस पार्टी ने वोटिंग में शामिल न होने का निर्णय लिया है। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अनिल कुमार ने कहा कि, कांग्रेस के निगम पार्षद कल सिविक सेंटर में होने वाले दिल्ली नगर निगम के लिए मेयर और डिप्टी मेयर सहित स्थायी समिति के होने वाले चुनावों का हिस्सा नही बनेंगे। उन्होंने कहा, दिल्ली की जनता ने कांग्रेस को भाजपा और आम आदमी पार्टी के खिलाफ समर्थन दिया है, जिसका सम्मान करते हुए हम मेयर, डिप्टी मेयर और स्थायी समिति के चुनाव से दूरी बनाएंगे। दिल्ली की जनता ने अरविंद केजरीवाल को बहुमत दिया तो केजरीवाल अपना मेयर बनाए और दिल्ली की जनता की सेवा करें।
सदन में अपनी आवाज बुलंद करेंगे कांग्रेस पार्षद
दिल्ली कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अनिल कुमार ने आगे कहा कि कांग्रेस के निगम पार्षद सदन में भाजपा और आम आदमी पार्टी के जन विरोधी फैसलों के खिलाफ आवाज उठाएंगे। इसके लिए कांग्रेस पार्टी ने सदन में नाजिया दानिश को एमसीडी में कांग्रेस दल का नेता और शीतल को उपनेता और शगुफ्ता चौधरी को निगम में कांग्रेस पार्टी का चीफ विप लोकतांत्रिक प्रक्रिया के द्वारा नियुक्त किया है।
9 सीटों पर जीत के लिए दिल्ली की जनता को धन्यवाद
अनिल कुमार ने कहा, दिल्ली की जनता ने हमें 9 सीटों पर जीत दिलाई है। इसका हम सम्मान करते हैं। कांग्रेस पार्टी, निगम सदन में जनता के हितों और अधिकारों की रक्षा के लिए आम आदमी पार्टी और भाजपा की मिलीजुली सत्ता की गलत नीतियों के खिलाफ जनता की आवाज बनकर बुलंद करेंगे।
भाजपा-आप के एकतरफा सोच के खिलाफ आवाज उठाएगी कांग्रेस
अनिल कुमार ने कहा, कांग्रेस पार्टी हमेशा से भाजपा और आम आदमी पार्टी की एकतरफा सोच के खिलाफ आवाज उठाती रही है। भविष्य में भी दिल्लीवालों के कल्याण और अधिकारों के लिए कांग्रेस अपनी विचारधारा के अनुरूप निगम सदन में और सदन के बाहर संघर्ष करेगी।