
Weather Update: उमस और चिपचिपी गर्मी से परेशान दिल्ली-NCR के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। मौसम ने एक बार फिर करवट बदली है और मानसूनी हवाएं दोबारा पूरी तरह एक्टिव हो गई हैं। जिससे आसपास के इलाकों में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदलने वाला है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 28 और 29 जुलाई के लिए दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद समेत पूरे NCR में 'येलो अलर्ट' जारी कर दिया है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, अब इस पूरे हफ्ते आसमान में काले बादल छाए रहेंगे और रुक-रुक कर अच्छी बारिश होगी, जिससे तापमान गिरेगा और लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिलेगी।
मौसम विभाग के अनुसार 28 और 29 जुलाई को दिल्ली-NCR में सुबह से लेकर रात तक रुक-रुक कर हल्की से मध्यम स्तर की बारिश हो सकती हैं। मंगलवार को अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है, जबकि हवा में नमी का लेवल 75 से 80 फीसदी तक दर्ज किया जा सकता है। इसके अगले दिन यानी बुधवार को भी मानसून का यह असर पूरी तरह बरकरार रहेगा, जहां अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा सकता है और दिनभर बादल छाए रहने के साथ बारिश का सिलसिला जारी रहेगा।
IMD के पूर्वानुमान के मुताबिक यह मानसूनी सिस्टम सिर्फ दो दिन नहीं, बल्कि इस पूरे हफ्ते एक्टिव रहने वाला है। 30 जुलाई को भी मध्यम बारिश का दौर जारी रहेगा और तापमान 33 डिग्री के आसपास बना रहेगा, वहीं 31 जुलाई को आसमान में घने बादल छाए रहने और हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। इसके बाद नए महीने की शुरुआत भी भीगे मौसम के साथ होने जा रही है, जहां 1 और 2 अगस्त को अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है और इन दोनों दिन भी गरज-चमक के साथ हल्की फुहारें पड़ने की पूरी संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने बारिश से राहत मिलने की उम्मीद के बीच आम जनता को सतर्क रहने की सलाह भी दी है। लगातार होने वाली इस बारिश के कारण दिल्ली-NCR के निचले इलाकों में पानी भरने और सड़कों पर भारी फिसलन की समस्या पैदा हो सकती है। ऑफिस और जरूरी काम के लिए घरों से बाहर जाने वाले लोगों को ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ सकता है, इसलिए घर से निकलने से पहले रास्ते का हाल जरूर जान लें।