दिल्ली के मालवीय नगर में कथित नस्लीय टिप्पणी मामले में आरोपी दंपति ने माफी मांगी है, लेकिन साथ ही उनका कहना है कि मामले में पूरा सच जाने बिना लोग उनकी आलोचना कर रहे है।
दिल्ली के मालवीय नगर में नार्थ ईस्ट की तीन महिलाओं के साथ अभद्रता का मामला अब एक राष्ट्रीय बहस का विषय बन चुका है। यह मामला सामने आने के बाद से ही सोशल मीडिया पर इसके खिलाफ कड़ी प्रतिक्रियाएं देखने को मिली है। इस मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी हर्ष सिंह और उसकी पत्नी रूबी जैन को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी से पहले आरोपी दंपती ने इस मामले में बयान देते हुए अपना पक्ष रखा। उन्होंने सार्वजनिक रूप से माफी मांगते हुए लोगों से पूरे मामले को दोनों पक्षों से सुनने की अपील की है।
आरोपी हर्ष सिंह ने एक इंटरव्यू के दौरान पूरे घटनाक्रम पर अपना पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि मैं इस पूरे मामले पर माफी मांगना चाहता हूं, खासकर उन शब्दों के लिए जो मेरी पत्नी ने कहे थे। हालांकि उन्होंने यह भी दावा किया कि घटना के तथ्यों को गलत तरीके से पेश किया गया है। सिंह के अनुसार, जिस दिन विवाद हुआ उस दिन उनके फ्लैट के ऊपर निर्माण कार्य के दौरान धूल नहीं बल्कि छोटे पत्थर गिरे थे। सिंह का कहना है कि जब वह इस बारे में बात करने ऊपर गए तो शिकायतकर्ता महिलाओं ने पहले उनके साथ गाली-गलौज शुरू की। उनका कहना है कि सोशल मीडिया पर एकतरफा कहानी चल रही है और बिना पूरी जानकारी के लोगों ने प्रतिक्रिया दी है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस पूरे विवाद की शुरुआत एयर कंडीशनर लगाने के दौरान हुई। अरुणाचल प्रदेश की एक महिला, जो यूपीएससी की तैयारी कर रही हैं, ने बताया कि उनके फ्लैट में एयर कंडीशनर लगाने के लिए इलेक्ट्रिशियन दीवार में छेद कर रहा था, जिससे कुछ धूल नीचे वाले फ्लैट की बालकनी में गिर गई। उन्होंने कहा कि यह मामूली बात थी और असुविधा के लिए माफी भी मांगी गई थी। बावजूद इसके नीचे के फ्लैट में रहने वाली रूबी जैन नामक महिला ने उनके साथ बदतमीजी की। महिलाओं के अनुसार, रूबी ने उनके खिलाफ नस्लीय टिप्पणियां की और अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया।
इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें रूबी और उसका पति अरुणाचली महिलाओं के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां करते दिख रहे है। वीडियो में आरोपी महिला पीड़िताओं को 'तुम लोग मसाज पार्लर में काम करती हो' और '500 रुपये में किसी के साथ सो जाती हो', जैसी गंदी टिप्पणियां करते सुनाई दे रही थी। इस घटना के बाद पीड़ित महिलाओं ने आरोपी दंपती के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू की और अब रूबी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
इस मामले में सफाई देते हुए सिंह ने दावा किया कि सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में केवल आधा सच है। उन्होंने कहा कि लोग पूरा सच जाने बिना उन्हें और उनकी पत्नी को जज कर रहे है। सिंह का आरोप है कि उनके और उनकी पत्नी की तस्वीरों के साथ छेड़छाड़ कर सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया और उन्हें धमकियां भी मिल रही हैं। उनका कहना है कि उन्हें अपनी बात रखने का पूरा मौका नहीं मिला और उनके खिलाफ मीडिया ट्रायल चलाया जा रहा है। वहीं दूसरी ओर, पीड़ित पक्ष निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग कर रहा है।