राष्ट्रीय

DK Shivakumar: कावेरी जल विवाद के बीच डीके शिवकुमार बोले- ‘मेरी प्रार्थना कबूल हुई, 35 साल से लड़ रहा था’

DK Shivakumar Bhagandeshwara Temple: कर्नाटक के डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार ने भगंडेश्वर मंदिर में पूजा के बाद कहा कि 35 साल के संघर्ष के बाद उनकी प्रार्थना कबूल हुई। कावेरी विवाद पर किसानों के हितों की बात भी कही।
2 min read
Aug 16, 2026
DK Shivakumar news
डीके शिवकुमार(फोटो-ANI)

DK Shivakumar News: कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने रविवार को कोडागु जिले के भगंडेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना की। मंदिर में दर्शन के बाद उन्होंने कहा कि उनकी प्रार्थना कबूल हो गई है और 35 साल के संघर्ष के बाद उन्हें परिणाम मिला है। इस दौरान उन्होंने कावेरी जल विवाद पर भी राज्य का पक्ष रखा और कहा कि कर्नाटक को कानून का पालन करना होगा, लेकिन किसानों के हितों की रक्षा भी जरूरी है। मंदिर में पूजा के बाद पत्रकारों से बातचीत में शिवकुमार ने कहा, 'मैंने यहां प्रार्थना की थी और मेरी प्रार्थना कबूल हुई है। मैं 35 साल से लड़ रहा था और मुझे परिणाम मिला है। हालांकि, उन्होंने अपने बयान में यह स्पष्ट नहीं किया कि वह 35 साल के संघर्ष और मिली सफलता के संदर्भ में किस खास उपलब्धि की बात कर रहे थे।

कावेरी जल विवाद पर क्या बोले शिवकुमार?

कावेरी नदी के पानी को लेकर कर्नाटक और तमिलनाडु के बीच जारी विवाद पर डीके शिवकुमार ने कहा कि राज्य को कानून का पालन करना होगा। उन्होंने कहा कि अगर पानी की कमी होती है तो बांध में उपलब्ध पानी दूसरे राज्यों को देना पड़ सकता है।उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में किसानों के हितों की सुरक्षा सबसे महत्वपूर्ण है। शिवकुमार ने कहा कि कर्नाटक पहले ही इस मामले को सुप्रीम कोर्ट में ले जा चुका है और अदालत के सामने पर्याप्त डाक्यूमेंट्स पेश किए गए हैं। कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें इस मामले में फैसला राज्य के पक्ष में आने की उम्मीद है।

17 अगस्त को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई

कावेरी जल विवाद से जुड़े मामले में सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को तमिलनाडु की उस याचिका पर सुनवाई 17 अगस्त तक टाल दी थी, जिसमें कर्नाटक को कावेरी जल प्रबंधन प्राधिकरण (सीडब्ल्यूएमए) के आदेश के मुताबिक कावेरी का पानी छोड़ने का निर्देश देने की मांग की गई है। यह मामला पहले गुरुवार को सुनवाई के लिए सूचीबद्ध था, लेकिन पीठ की अगुवाई करने वाले जस्टिस विक्रम नाथ के वायरल बुखार से बीमार होने के कारण सुनवाई टल गई। भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने कहा था कि जस्टिस विक्रम नाथ के अगले सप्ताह न्यायिक कार्य शुरू करने की उम्मीद है और उन्हीं की अध्यक्षता वाली पीठ इस मामले की सुनवाई करेगी।

बारिश के लिए अधिकारियों को प्रार्थना करने के निर्देश

डीके शिवकुमार ने कहा कि कर्नाटक अब भी बारिश पर काफी निर्भर है। उन्होंने अधिकारियों को पर्याप्त बारिश के लिए प्रार्थना करने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य को बारिश के आशीर्वाद की जरूरत है और इसी वजह से उन्होंने अधिकारियों से बारिश के लिए प्रार्थना करने को कहा है।

राहुल गांधी और खरगे की रैली पर भी बोले

शिवकुमार ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से जुड़े एक कार्यक्रम का जिक्र करते हुए कहा कि कर्नाटक में कांग्रेस की सरकार होने के बावजूद सरकार ने कानून का दुरुपयोग नहीं किया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे के आने पर कांग्रेस को फ्रीडम पार्क से रैली निकालने की अनुमति नहीं मिली थी। इसके बाद पार्टी को अदालत से अनुमति लेनी पड़ी।

Updated on:
16 Aug 2026 10:01 pm
Published on:
16 Aug 2026 10:01 pm