राष्ट्रीय

परिसीमन बिल का डीएमके ने क्यों किया समर्थन? पार्टी प्रमुख एमके स्टालिन की आ गई प्रतिक्रिया

MK Stalin on Delimitation Bill: DMK ने नए परिसीमन विधेयक को समर्थन देने का फैसला किया है। एमके स्टालिन ने इसे दक्षिण भारत की जीत बताया, वहीं CPI ने विधेयक का विरोध जारी रखा है।
2 min read
• •
Updated: 28 Nov 2026, 1:26 PM IST
New Delimitation Bill India 2026
परिसीमन बिल पर डीएमके ने किया समर्थन (Photo-IANS)

DMK Supports New Delimitation Bill: संसद के विशेष सत्र के साथ ही परिसीमन (Delimitation) विधेयक को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। इसको लेकर तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम देखने को मिल रहा है। द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) ने नए परिसीमन विधेयक को समर्थन देने का फैसला किया है। पार्टी प्रमुख और पूर्व सीएम एमके स्टालिन ने कहा कि विधेयक में उनकी पार्टी की दोनों प्रमुख मांगों को लिखित रूप में शामिल किया गया है। यह 2024 से DMK की ओर से किए जा रहे लगातार संघर्ष की जीत है। उन्होंने इसे तमिलनाडु समेत दक्षिण भारत के सभी राज्यों की जीत बताया।

एक्स पर किया पोस्ट

पूर्व सीएम एमके स्टालिन ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि अप्रैल में जिन दो मांगों को लेकर DMK ने परिसीमन विधेयक का विरोध किया था, उन्हें नए विधेयक में शामिल कर लिया गया है। 

उन्होंने कहा कि इस विधेयक में सभी राज्यों में लोकसभा सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत तक वृद्धि का प्रावधान है। स्टालिन ने कहा कि इस मुद्दे पर भावनात्मक होने के बजाय शांति और गंभीरता से विचार करना जरूरी है। 

एमके स्टालिन ने आगे कहा कि अगर इस विधेयक को छोड़ दिया जाता है, तो उसके संभावित परिणामों पर भी विचार करना चाहिए। सभी पहलुओं की विस्तृत समीक्षा के बाद DMK सांसदों की बैठक में मौजूदा स्वरूप में विधेयक का समर्थन करने का निर्णय लिया गया है। पार्टी का मानना है कि यह व्यावहारिक रूप से संभव और उसके हित में है।

ए. राजा बोले- DMK ने अपने रुख में कोई बदलाव नहीं किया

वहीं DMK सांसद ए. राजा ने पार्टी के फैसले का बचाव करते हुए कहा कि परिसीमन के मुद्दे पर पार्टी का रुख शुरू से एक जैसा रहा है और इसमें कोई बदलाव नहीं किया गया है।

BJP के साथ गठबंधन की अटकलों को ए. राजा ने किया खारिज

जब ए. राजा से पूछा गया कि क्या परिसीमन विधेयक का समर्थन करना BJP के साथ DMK की नजदीकी या गठबंधन की ओर बढ़ने का संकेत है, तो उन्होंने इसे सिरे से खारिज कर दिया।

उन्होंने मीडिया से बात करते कहा कि बिल्कुल नहीं! ऐसा सवाल ही कहां उठता है? कांग्रेस भ्रमित है और दूसरे दल भी भ्रमित हैं। हम अपने पुराने रुख पर कायम हैं।

CPI ने किया विधेयक का विरोध

वहीं, परिसीमन विधेयक को लेकर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (CPI) ने विरोध का रुख बरकरार रखा है। CPI सांसद पी. संदोष कुमार ने कहा कि उनकी पार्टी पहले ही स्पष्ट कर चुकी है कि वह इस विधेयक का विरोध करेगी।

उन्होंने कहा कि CPI महिला आरक्षण का समर्थन करती है और चाहती है कि इसे जल्द लागू किया जाए, लेकिन मौजूदा परिसीमन विधेयक देश के हितों के लिए नुकसानदायक है। 

Updated on:
28 Nov 2026, 1:26 PM IST
Published on: