राष्ट्रीय

President Oath Ceremony: कल राष्ट्रपति पद की शपथ लेंगी द्रौपदी मुर्मू, दिल्ली में वाहनों की आवाजाही होगी प्रभावित, ये मार्ग रहेंगे बंद

President Oath Ceremony: द्रौपदी मुर्मू देश के 15वें राष्ट्रपति के रूप में सोमवार को अपने पद की शपथ लेंगी। संसद भवन के सेंट्रल हॉल में उन्हें सुप्रीम कोर्ट के प्रधान न्यायधीश एन.वी. रमण पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। इसकी तैयारी पूरी कर ली गई है।  

2 min read
Draupadi Murmu take oath as President on Monday Here Traffic Guideline

President Oath Ceremony: भारत की नवनिर्वाचित राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सोमवार को देश के 15वें राष्ट्रपति के रूप में शपथ लेंगी। उनके शपथ ग्रहण की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से शपथ ग्रहण समारोह को लेकर दी गई जानकारी के अनुसार सोमवार को सुबह करीब सवा 10 बजे संसद के केंद्रीय कक्ष में राष्ट्रपति का शपथ ग्रहण होगा। सुप्रीम कोर्ट के प्रधान न्यायधीश एन. वी. रमण उन्हें राष्ट्रपति पद की शपथ दिलाएंगे।

शपथ ग्रहण के बाद द्रौपदी मुर्मू को 21 तोपों की सलामी दी जाएगी। इसके बाद देश की नई राष्ट्रपति का राष्ट्र के नाम पहला संबोधन होगा। समारोह से पहले, निवर्तमान राष्ट्रपति और निर्वाचित राष्ट्रपति संसद पहुंचेंगे। उपराष्ट्रपति एवं राज्यसभा के सभापति एम. वेंकैया नायडू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, मंत्रिपरिषद के सदस्य, राज्यपाल, मुख्यमंत्री, राजनयिक मिशनों के प्रमुख, संसद सदस्य और सरकार के प्रमुख असैन्य एवं सैन्य अधिकारी समारोह में शामिल होंगे। शपथ ग्रहण को लेकर लुटियंस दिल्ली में वाहनों की आवाजाही प्रभावित होगी।

सोमवार को इन रास्तों से होकर गुजरने से बचें-
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के शपथ ग्रहण समारोह के कारण सोमवार को दिल्ली में वाहनों की आवाजाही प्रभावित होने की आशंका है। इसके लिए दिल्ली यातायात पुलिस ने रविवार को ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की ओर से जारी एडवाइजरी में सोमवार सुबह 9 बजे से दोपहर तक कौटिल्य मार्ग, तीन मूर्ति मार्ग, तीन मूर्ति गोल चक्कर, अकबर रोड, गोल मेठी गोल चक्कर, कृष्णा मेनन मार्ग, विजय चौक, के. कामराज मार्ग की ओर जाने से बचने की सलाह दी है।

दिल्ली के इन मार्गों पर बंद रहेगी आवाजाही-
इसके अलावा सुनहरी मस्जिद गोल चक्कर, रफी मार्ग, रेल भवन गोल चक्कर, संसद मार्ग, इम्तियाज खान मार्ग, गुरुद्वारा रकाबगंज रोड, पटेल चौक गोल चक्कर, रायसीना रोड, डॉ. राजेंद्र प्रसाद रोड, मौलाना आजाद रोड और मोतीलाल नेहरू मार्ग भी बंद रहेंगे। कार्मिक मंत्रालय ने कुछ सरकारी कार्यालयों को भी आंशिक रूप से बंद करने का निर्देश दिया।

ये कार्यालय सुबह 6 से दोपहर दो बजे तक रहेंगे बंद-
शपथ ग्रहण समारोह को लेकर गृह मंत्रालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार सुरक्षा जांच के लिए सुबह छह बजे तक कुल 30 कार्यालयों को खाली कराया जाएगा। जिन इमारतों को खाली कराया जाएगा उनमें साउथ ब्लॉक, नॉर्थ ब्लॉक, रेल भवन, कृषि भवन, शास्त्री भवन, संचार भवन, प्रेस ट्रस्ट ऑफ इंडिया (पीटीआई) बिल्डिंग, सेना भवन, वायु भवन, उद्योग भवन और निर्माण भवन शामिल हैं। ये सभी इमारतें सुबह छह बजे से दोपहर दो बजे तक बंद रहेंगी।

देश की पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति होंगी द्रौपदी मुर्मू-
संसद के केन्द्रीय कक्ष में समारोह के समापन पर राष्ट्रपति, ‘राष्ट्रपति भवन’ के लिए रवाना होंगी, जहां उन्हें एक ‘इंटर-सर्विस गार्ड ऑफ ऑनर’ दिया जाएगा और निवर्तमान राष्ट्रपति का शिष्टाचार सम्मान किया जाएगा। बताते चले कि द्रौपदी मुर्मू आजादी के बाद पैदा होने वाली देश की पहली राष्ट्रपति होंगी। इसके अलावा वो देश के शीर्ष पद पर काबिज होने वाली सबसे कम उम्र की और पहली आदिवासी महिला होंगी।

Published on:
24 Jul 2022 10:51 pm
Also Read
View All